आवृत्ती पुणे
← Back to Homepage

सेवा कार्यों के लिए रमेश ओसवाल को भामाशाह सम्मान

Spread the love

पुणे : पाली जिले के श्री सोनाना खेतलाजी जुनी धाम मंदिर एवं ग्राम विकास के क्षेत्र में विगत 35 वर्षों से अधिक समय से निःस्वार्थ सेवा कार्य कर रहे रमेश बाबूलाल ओसवाल (बापजी) को गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2026 के अवसर पर पाली जिला स्तरीय “भामाशाह सम्मान” से सम्मानित किया गया।

राजस्थान सरकार एवं जिला प्रशासन, पाली द्वारा आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में रमेश बाबूलाल ओसवाल (बापजी) को उनके दीर्घकालीन, प्रेरणादायी एवं अनुकरणीय सामाजिक योगदान के लिए “भामाशाह सम्मान” से सम्मानित किया गया।

यह सम्मान माननीय कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत के कर-कमलों से प्रदान किया गया। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर एल. एन. मंत्री, पुलिस अधीक्षक आदर्श सिद्धू, विधायक ज्ञानचंदजी पारख एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर बजरंग चौहान की गरिमामयी उपस्थिति रही।

रमेश ओसवाल (बापजी) विगत 35 वर्षों से अधिक समय से श्री सोनाना खेतलाजी जुनी धाम मंदिर, तहसील देसूरी, जिला पाली के विकास, सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यों से निरंतर जुड़े हुए हैं। वे मंदिर के प्रेरणास्रोत एवं वरिष्ठ मार्गदर्शक स्वर्गीय श्री ओंकारमलजी के सान्निध्य एवं मार्गदर्शन में प्रारंभ से ही पूर्ण निष्ठा, श्रद्धा एवं समर्पण भाव से मंदिर सेवा में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि श्री सोनाना खेतलाजी जुनी धाम मंदिर के विकास की सुदृढ़ नींव स्वर्गीय श्री ओंकारमलजी द्वारा रखी गई थी। उनके द्वारा स्थापित सेवा, साधना एवं धर्मकार्य की परंपरा को रमेश ओसवाल (बापजी) आज भी पूरी निष्ठा, उत्तरदायित्व एवं समर्पण भाव से आगे बढ़ा रहे हैं।

मंदिर के सर्वांगीण विकास में रमेश ओसवाल का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उनका सहयोग केवल आर्थिक सहायता तक सीमित न होकर श्रद्धा, भक्ति, मार्गदर्शन एवं सतत देखरेख का उत्कृष्ट उदाहरण है।

उनके प्रयासों से मंदिर परिसर में नवीन एवं आधुनिक भोजनशाला का निर्माण कराया गया, श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु 130 वातानुकूलित (ए.सी.) कमरों का निर्माण हुआ तथा संपूर्ण मंदिर परिसर का जैसलमेर स्टोन से भव्य एवं कलात्मक निर्माण संपन्न किया गया।

मंदिर विकास के साथ-साथ रमेश ओसवाल (बापजी) ने ग्राम सोनाना के सर्वांगीण विकास में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनके सहयोग से संपूर्ण गांव में आर.ओ. आधारित शुद्ध पेयजल कनेक्शन की व्यवस्था की गई, जिससे ग्रामीणों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सका।

इसके अतिरिक्त पूरे गांव में कंक्रीट-सीमेंट सड़कों का निर्माण कराया गया, जिससे आवागमन सुगम हुआ और ग्राम की आधारभूत संरचना सुदृढ़ हुई। उनके इसी निःस्वार्थ, सतत एवं जनकल्याणकारी योगदान को दृष्टिगत रखते हुए पूर्व में दिनांक 15 अगस्त 2025 को उपखंड अधिकारी, देसूरी द्वारा भी रमेश ओसवाल (बापजी) को “भामाशाह सम्मान” से सम्मानित किया जा चुका है।

जिला स्तर पर मिले इस सम्मान से क्षेत्र में हर्ष एवं गौरव का वातावरण है। समाजसेवियों एवं श्रद्धालुओं ने इसे सेवा, समर्पण और सामाजिक दायित्व का आदर्श उदाहरण बताया।

get_footer();