महिलाओं में साइबर अपराधों से बचाव की जागरूकता बढ़ाने पर विशेष फोकस
महाराष्ट्र जैन वार्ता
जीतो पुणे चैप्टर के चेयरमैन इंद्रकुमार छाजेड़ और चीफ सेक्रेटरी दिनेश ओसवाल के नेतृत्व में, जीतो लेडीज़ विंग ने महिलाओं के डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए “साइबर पीस यात्रा” का प्रभावी और सफल आयोजन किया। बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव हेतु यह सेशन अत्यंत ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ।
जीतो लेडीज़ विंग पुणे चैप्टर ने डिग्नारी अपेक्स कन्वेनर प्रियंका जैन पाटनी के मार्गदर्शन में डिजिटल सुरक्षा को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें महिलाओं को साइबर ठगी और ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
यह विशेष सत्र 4 दिसंबर 2025 को जीतो ऑफिस में संपन्न हुआ, जिसमें प्रमुख वक्ता मेजर विनीत कुमार ने साइबर क्राइम से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला।
मेजर विनीत कुमार साइबर सुरक्षा एवं शांति के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित विशेषज्ञ हैं। वह साइबरपीस संस्था के संस्थापक और ग्लोबल प्रेसिडेंट हैं तथा संयुक्त राष्ट्र (UN), G-20 और कॉमनवेल्थ जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं के साथ महत्वपूर्ण कार्य कर चुके हैं।
उन्हें अब तक 13 अंतर्राष्ट्रीय और 25 राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। अपने उद्बोधन में उन्होंने बताया कि किस प्रकार एक अनजान लिंक, फ़र्जी फोन कॉल या मैसेज किसी व्यक्ति के वित्तीय एवं निजी डेटा को गंभीर खतरे में डाल सकता है। साथ ही उन्होंने यह भी समझाया कि यदि कोई साइबर अपराध का शिकार हो जाए तो तत्काल किन कानूनी और तकनीकी कदमों का पालन किया जाना चाहिए। यह सत्र डिजिटल भविष्य की चुनौतियों के प्रति चेतावनी और तैयारी दोनों रूपों में अत्यंत प्रभावी रहा।
जीतो लेडीज़ विंग पुणे ने एक बार फिर यह सिद्ध किया कि वह न केवल सामाजिक कार्यों में अग्रणी है बल्कि डिजिटल सुरक्षा जैसी आधुनिक आवश्यकताओं की दिशा में भी अपना दायित्व बखूबी निभा रही है। “साइबर पीस यात्रा” महिलाओं को सशक्त एवं जागरूक बनाने का सराहनीय प्रयास है।
जीतो पुणे के उपस्थित पदाधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा एवं जागरूकता के लिए ऐसे सेशन नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए।
जीतो लेडीज़ विंग पुणे चैप्टर ने इस नवाचारी कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के अहम मंत्र प्रदान किए।
इस आयोजन की सफलता में चेयरपर्सन एकता भंसाली, चीफ सेक्रेटरी पूजा राठोड़, सेक्रेटरी रीता जैन और ट्रेजरार वंदना राठोड़ का विशेष योगदान रहा।















