आवृत्ती , पुणे
← Back to Homepage

ऑल इंडिया एग्रो इनपुट डीलर एसोसिएशनकी समस्या होंगी हल

Spread the love

पारगाव : ऑल इंडिया एग्रो इनपुट डीलर एसोसिएशन की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक नई दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में 29 एवं 30 अगस्त को संपन्न हुई, जिसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी, पूर्व वित्त राज्य मंत्री श्री भागवत जी कराड, नई दिल्ली के सांसद प्रवीण खंडेलवाल एवं राज्यसभा सांसद श्री जी बाबूराव शामिल हुए। देश के कई नेताओं एवं अधिकारियों ने उपस्थित होकर संगठन के सदस्यों की समस्याओं को विभिन्न माध्यमों से हल करवाने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में दूसरे दिन, सबसे पहले ज्वाइंट सेक्रेटरी (प्लांट प्रोटक्शन) मुक्तानंद अग्रवाल के समक्ष संगठन के राष्ट्रीय सचिव अरविंद भाई पटेल ने कीटनाशक (पेस्टिसाइड) से संबंधित सभी समस्याओं को उनके सामने रखा। श्री अग्रवाल ने बताया कि इन समस्याओं का जल्द ही उचित समाधान किया जाएगा।

पेस्टिसाइड मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया, एग्रोकेम फेडरेशन ऑफ इंडिया, क्रॉप केयर फेडरेशन ऑफ इंडिया, क्रॉप लाइफ इंडिया के प्रतिनिधि जैसे दीपक शाह, पी. जे. सुरेश, डॉ. आरती कुमारी और धानुका ग्रुप के चेयरमैन श्री आर. जी. अग्रवाल उपस्थित थे और व्यापारियों की समस्याओं को समझने का प्रयास किया।

फेडरेशन ऑफ सीड इंडस्ट्रीज ऑफ इंडिया और नेशनल सीड एसोसिएशन के राघवन, बी. वी. पटनायक, डॉ. दीपंकर पांडे, मासा महाराष्ट्र के अध्यक्ष श्री रामनाके, महिको सीड के संजय देशपांडे, इंडियन पोटाश लिमिटेड के जीएम यू. एन. सिंह ने भी संगठन के सदस्यों की समस्याओं को समझा और उनके समाधान का आश्वासन दिया।

दूसरे सत्र में, हैदराबाद से राज्यसभा सांसद जी बाबूराव ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि वह आपकी समस्याओं के समाधान के लिए जे. पी. नड्डा जी और कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से व्यक्तिगत रूप से मिलकर इन्हें हल करवाने का प्रयास करेंगे।

मुख्य एवं विशेष अतिथियों का स्वागत करते हुए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनमोहन कलंत्री ने कहा कि संगठन के सदस्य पिछले कई वर्षों से खाद, बीज और कीटनाशक की समस्याओं का सामना कर रहे हैं, जिनका स्थायी समाधान आवश्यक है।

श्रीमती स्मृति ईरानी ने कहा कि आप लोग देश के किसानों के लिए एक संगठित ताकत हैं, और जे. पी. नड्डा जी से जल्द से जल्द आपकी मुलाकात कराकर इन समस्याओं का स्थायी समाधान करने के लिए पूरी कोशिश की जाएगी।

नई दिल्ली के सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने बताया कि लगभग 35 वर्ष पूर्व अटल बिहारी वाजपेयी के आह्वान पर व्यापारियों के राष्ट्रीय संगठन कैट का गठन किया गया था, और हमारा मानना है कि सड़क पर उतरना हमारा अंतिम विकल्प होना चाहिए।

उससे पहले जितनी कोशिश हो, करनी चाहिए। कैट ऑल इंडिया एग्रो इनपुट डीलर एसोसिएशन के साथ मिलकर आपकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेगा इस अवसर पर कैट के राष्ट्रीय महामंत्री शंकर भाई ठक्कर, मुंबई के अविनाश निमोलकर, राजस्थान के मनोज गोयल आदि भी उपस्थित थे।

कार्यक्रम में संगठन की ओर से सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसी दौरान संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिर्डी के सांसद भाऊसाहब वाकचौरे के नेतृत्व में सेक्रेटरी फ़र्टिलाइज़र से मुलाकात की और उन्हें समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। सेक्रेटरी फ़र्टिलाइज़र ने जल्द से जल्द समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

इस बैठक में हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, ओडिशा, बिहार, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ आदि राज्यों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। कार्यक्रम का सफल संचालन राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय रघुवंशी ने किया और आभार प्रदर्शन राकेश आहूजा (हिमाचल) ने किया।