महाराष्ट्र जैन वार्ता
पुणे : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर तेरापंथ महिला मंडल, पुणे द्वारा तेरापंथ भवन में “NGO Meet” कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें महिला सशक्तिकरण और गृहलक्ष्मी स्वाभिमान अभियान को समाज तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य “गृहलक्ष्मी स्वाभिमान अभियान” के माध्यम से गृहिणियों को सम्मान, आत्मविश्वास और अधिकारों के साथ एक सशक्त व्यक्तित्व के रूप में स्थापित करने का संदेश देना था।
कार्यक्रम में पुणे के पांच विभिन्न एनजीओ के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर अपने संस्थानों द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। साथ ही महिला सशक्तिकरण और गृहिणियों की भूमिका पर एक विचारोत्तेजक पैनल परिचर्चा भी आयोजित की गई।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में नगरसेविका सिद्धी शिलिमकर उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में नारी शक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
इस वर्ष का “प्रेरणा सम्मान” उन माताओं को समर्पित किया गया, जिनके बच्चों ने तेरापंथ धर्म संघ में दीक्षा ग्रहण की है। इस अवसर पर पुणे की दो माताओं को सम्मानित कर उनके त्याग और संस्कारों को नमन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाचरण और प्रेरणा गीत से हुई।
तेरापंथ महिला मंडल की अध्यक्ष वर्षा नाहटा ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की योजनाओं पर आधारित एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटिका तथा दीक्षार्थी मां-बेटी का भावनात्मक संवाद भी प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के अंत में मंत्री गरिमा लालानी ने सभी का आभार व्यक्त किया तथा पूरे कार्यक्रम का संचालन रुचि पुगलिया ने किया।
















