आवृत्ती , पुणे
← Back to Homepage

जीतो पुणे द्वारा वर्ल्ड कप फाइनल के अवसर पर फैमिली गेट-टुगेदर का आयोजन

Spread the love

पुणे : जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (जीतो) पुणे चैप्टर द्वारा अपने सदस्यों और उनके परिवारों के लिए भारत बनाम न्यूजीलैंड वर्ल्ड कप फाइनल मैच का भव्य सामूहिक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बिबवेवाडी स्थित राजयोग लॉन के विशाल ओपन ग्राउंड में आयोजित किया गया, जिसमें जीतो पुणे के अनेक सदस्य अपने परिवारों के साथ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

इस कार्यक्रम का आयोजन जीतो पुणे के अध्यक्ष इंद्रकुमार छाजेड के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में चीफ सेक्रेटरी दिनेश ओसवाल, सेक्रेटरी लक्ष्मीकांत खबिया, ट्रेजरर दिलीप विनाकिया, कोर कमिटी सदस्य रूपेश कोठारी, एडवोकेट विशाल शिंगवी तथा अमोल कुचेरीया का विशेष सहयोग रहा।

आयोजन स्थल पर राउंड टेबल सिस्टम की विशेष व्यवस्था की गई थी, ताकि हर परिवार आराम से बैठकर मैच का आनंद ले सके। सभी परिवारों को भारत के झंडे दिए गए, जिससे पूरे माहौल में देशभक्ति और उत्साह का अनोखा वातावरण बन गया। जैसे ही भारतीय टीम चौके-छक्के लगाती, पूरा मैदान तालियों और उत्साह से गूंज उठता।

कार्यक्रम के दौरान आकर्षक मॉकटेल, स्वादिष्ट स्टार्टर और लाजवाब भोजन की भी विशेष व्यवस्था की गई थी, जिसका सभी सदस्यों ने परिवार सहित आनंद लिया। खुले मैदान में बड़े स्क्रीन पर पूरे वर्ल्ड कप फाइनल मैच का रोमांचक अनुभव सभी के लिए यादगार बन गया।

जीतो मेन विंग, लेडीज विंग और यूथ विंग के अनेक सदस्य अपने परिवारों के साथ इस आयोजन में शामिल हुए। इस सफल आयोजन का सकारात्मक प्रभाव भी देखने को मिला। जीतो पुणे द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम केवल मैच देखने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके माध्यम से सदस्यों के बीच नेटवर्किंग, आपसी संबंध और व्यावसायिक सहयोग को भी बढ़ावा मिला। सभी उपस्थित सदस्यों ने इसे एक अत्यंत प्रभावशाली और यादगार आयोजन बताया।

जीतो पुणे के डायरेक्टर आनंद चोरडिया के प्रयासों से 4 नए FCP मेंबर तथा 6 नए Patron मेंबर जुड़े। इसकी आधिकारिक घोषणा जीतो पुणे के चीफ सेक्रेटरी दिनेश ओसवाल ने कार्यक्रम के दौरान की।