AISSMS एक्सिबिशन ग्राउंड में 13 से 15 मार्च तक प्रश्नोत्तरी सत्संग व ज्ञानविधि का आयोजन
पुणे : आधुनिक जीवन की भागदौड़ और बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच मनुष्य सुख की तलाश में निरंतर प्रयास कर रहा है, लेकिन वास्तविक और शाश्वत सुख आत्मा की पहचान के बाद ही संभव है। इसी उद्देश्य से दादा भगवान परिवार द्वारा पुणे में 13 से 15 मार्च के दौरान विशेष आध्यात्मिक सत्संग कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें आत्मज्ञानी पूज्य दीपकभाई मार्गदर्शन करेंगे।
ज्ञानी पुरुष परम पूज्य दादा भगवान ने विश्व को सुख और शांति का मार्ग दिखाने के लिए कलियुग में अद्वितीय आध्यात्मिक विज्ञान “अक्रम विज्ञान” प्रकट किया, जो आत्मज्ञान की नींव पर आधारित है। ज्ञानी पुरुष की कृपा से केवल दो घंटे की “ज्ञानविधि” के वैज्ञानिक प्रयोग के माध्यम से व्यक्ति अपने सच्चे स्वरूप अर्थात आत्मा की पहचान कर सकता है और आत्मानुभूति प्राप्त कर सकता है।
इसके बाद “मैं शुद्धात्मा हूँ” की अनुभूति स्थिर बनी रहती है और जीवन की विभिन्न परिस्थितियों में भी व्यक्ति आंतरिक शांति और समाधि का अनुभव कर सकता है। यह अनोखा विज्ञान सांसारिक समस्याओं को सुलझाने की व्यावहारिक चाबियाँ भी प्रदान करता है, जिससे जीवन में शांति और आनंद बना रहता है।
आज विश्वभर में लाखों लोग दादा भगवान के अक्रम विज्ञान के माध्यम से जीवन जीने की सही समझ प्राप्त कर निरंतर आनंद का अनुभव करते हुए मोक्ष मार्ग पर आगे बढ़ रहे हैं। इसी भावना से परम पूज्य दादा भगवान द्वारा दीक्षित एवं आत्मज्ञानी डॉ. नीरू माँ के सहाध्यायी आत्मज्ञानी पूज्य दीपकभाई विश्वभर में भ्रमण कर लोगों को आत्मज्ञान का संदेश दे रहे हैं।
इसी क्रम में पूज्य दीपकभाई इस माह पुणे के सत्संग प्रवास पर पधार रहे हैं। पुणे RTO कार्यालय के पास कैनेडी रोड स्थित AISSMS एक्सिबिशन ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत 13 और 14 मार्च को शाम 6 से 9 बजे तक प्रश्नोत्तरी सत्संग होगा, जिसमें कोई भी व्यक्ति अपने जीवन, व्यवहार, धर्म या अध्यात्म से जुड़े प्रश्न पूछकर समाधान प्राप्त कर सकता है।
कार्यक्रम के अंतिम दिन 15 मार्च को शाम 5:30 से 9 बजे तक आत्मसाक्षात्कार प्राप्त करने का अद्भुत भेदज्ञान प्रयोग “ज्ञानविधि” आयोजित किया जाएगा। यह अमूल्य सत्संग कार्यक्रम पूर्णतः निःशुल्क है और इसमें सभी धर्म व संप्रदाय के लोग भाग ले सकते हैं।
विभिन्न टीवी चैनलों पर सत्संग कार्यक्रम देखने वाले पुणे के हजारों जिज्ञासुओं के लिए पूज्य दीपकभाई को प्रत्यक्ष रूप से देखने और सुनने का यह एक स्वर्णिम अवसर होगा। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति www.dadabhagwan.org वेबसाइट पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

















