कोल्हापुर में गुरुदेव अमरमुनीजी म. सा. के 13वें पुण्यस्मरण समारोह में हुई ऐतिहासिक घोषणा
महाराष्ट्र जैन वार्ता
पुणे : कोल्हापुर में आयोजित श्रुताचार्य एवं वाणी के जादुगार उत्तर भारतीय प्रवर्तक प. पु. गुरुदेव अमरमुनीजी म.सा. के 13वें पुण्यस्मरण दिवस के त्रिदिवसीय आध्यात्मिक समारोह में आकुर्डी–निगडी–प्राधिकरण जैन श्रावक संघ को होली चातुर्मास प्रदान किए जाने की घोषणा की गई। इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों की विशेष उपस्थिति रही।
कोल्हापुर में आयोजित गुरुदेव अमरमुनीजी म. सा. के 13वें पुण्यस्मरण दिवस के तीन दिवसीय आध्यात्मिक स्मृति समारोह में आकुर्डी–निगडी–प्राधिकरण जैन श्रावक संघ के विश्वस्त मंडल के वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे।
संघ के निवर्तमान अध्यक्ष सुभाष ललवाणी, कोषाध्यक्ष नेनसुख मांडोत, वरिष्ठ मार्गदर्शक मोतीलाल चोरड़िया, विश्वस्त राजेंद्र छाजेड़, सचिन गांधी एवं प्रकाश मुनोत ने गुणानुवाद समारोह में सहभागिता की।
कोल्हापुर श्री संघ की ओर से संघाध्यक्ष हिरालाल कर्नावट, नरेंद्र सेठ, जयंत गोवानी, रश्मिकांत सेठ, प्रविण जैन एवं उज्वला कर्नावट सहित अन्य पदाधिकारियों ने आकुर्डी-निगडी-प्राधिकरण श्री संघ के पदाधिकारियों का सम्मानपूर्वक स्वागत किया।
इस अवसर पर मधुर गायक प. पू. रुपेशमुनीजी म. सा. ने भावपूर्ण स्तवन प्रस्तुत किया। वहीं प्रखर वक्ता डॉ. वरुणमुनीजी म. सा. ने गुरुदेव अमरमुनीजी म. सा. के जीवन प्रसंगों को दृष्टांतों सहित प्रस्तुत करते हुए श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया तथा उनके जीवन की अनेक अद्भुत एवं प्रेरणादायी घटनाओं का वर्णन किया।
आकुर्डी संघ के निवर्तमान अध्यक्ष सुभाष ललवाणी ने अपने मनोगत में वर्ष 2015 में आकुर्डी में संपन्न हुए पूज्य डॉ. वरुणमुनीजी म. सा. के स्वर्णिम एवं ऐतिहासिक चातुर्मास तथा दीक्षा समारोह की स्मृतियों को पुनः जीवंत किया।
गुरुदेव ने भी आकुर्डी-निगडी-प्राधिकरण श्री संघ की सराहना करते हुए 2015 के चातुर्मास को “न भूतो न भविष्यति” बताते हुए उपस्थित श्रद्धालुओं को अतीत से प्रेरणा लेकर भविष्य में हीरा बनने का संदेश दिया।
इसी अवसर पर सुभाष ललवाणी ने श्री संघ की ओर से गुरुचरणों में होली चातुर्मास की विनंती धर्मसभा में उपस्थित विश्वस्तों के साक्ष्य में रखी। इचलकरंजी श्री संघ तथा कोल्हापुर श्री संघ ने भी होली चातुर्मास हेतु अपनी-अपनी विनंती प्रस्तुत की।
आकुर्डी श्री संघ की तप गंगोत्री आयंबील आराधिकाओं की स्वयं उपस्थिति में की गई विनंती, पूर्व अध्यक्ष संतोष कर्नावट, महामंत्री पुनम कर्नावट एवं अन्य पदाधिकारियों की भावपूर्ण प्रार्थना को स्वीकार करते हुए वाणी के जादुगर डॉ. वरुण मुनीजी म. सा. ने होली चातुर्मास आकुर्डी श्री संघ को प्रदान करने की ऐतिहासिक घोषणा की।
होली चातुर्मास के दिन 531 सजोड़ जाप का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही सप्तदिवसीय विशेष कार्यक्रमों के अंतर्गत प्रवचन, धर्मचर्चा एवं विविध आध्यात्मिक आयोजनों का भव्य आयोजन संपन्न होगा। इस घोषणा से आकुर्डी-निगडी–प्राधिकरण श्री संघ में हर्ष और उल्लास का वातावरण व्याप्त हो गया।















