श्री सोनाणा खेतलाजी मंदिर का धार्मिक अनुष्ठान के साथ प्राणप्रतिष्ठा महोत्सव 12 अप्रैल को
महाराष्ट्र जैन वार्ता
पुणे : पुणे में हांडेवाड़ी रोड स्थित ‘हांडेवाड़ी ट्रेड मार्केट’ परिसर में नवनिर्मित श्री सोनाणा खेतलाजी मंदिर का भव्य प्राणप्रतिष्ठा महोत्सव 12 अप्रैल 2026 को हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। संतोष रतनलालजी जैन परिवार और हांडेवाड़ी ट्रेड मार्केट परिवार द्वारा आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं को जुड़ने के लिए आमंत्रित किया गया है। इस समारोह से पहले रविवार (15 मार्च) को शिला पूजन कार्यक्रम परिवार और स्नेहीजनों के साथ संपन्न हुआ।
महोत्सव का विशेष आकर्षण राजस्थान की सुप्रसिद्ध भजन गायिका आशाजी वैष्णव की प्रस्तुति होगी। वे अपनी सुमधुर आवाज में खेतलाजी महाराज के भजनों की सरिता बहाएंगी। इस अवसर पर समाज के विभिन्न गणमान्य अतिथियों और प्लॉट होल्डर्स का विशेष अभिनंदन समारोह भी आयोजित किया गया है।
आयोजक संतोष जैन ने बताया कि यह पुणे का पहला श्री सोनाणा खेतलाजी का मंदिर है। प्राणप्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान मंगल प्रवेश, ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। मंत्रों और मंगलाचरण के साथ प्राणप्रतिष्ठा विधान संपन्न होगा। स्थानीय भजन मंडलियों और आशा वैष्णव द्वारा भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी तथा कार्यक्रम के समापन पर सभी भक्तों के लिए महाप्रसादी की व्यवस्था की गई है।
गौरतलब है कि हांडेवाड़ी ट्रेड मार्केट में रविवार (12 अप्रैल 2026) को सुबह 9 बजे से कार्यक्रम प्रारंभ होंगे। मुख्य समारोह सुबह 9:30 बजे शुरू होगा। संतोष रतनलालजी जैन एवं परिवार ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमियों से अपील की है कि वे इस मंगलमय अवसर पर सपरिवार उपस्थित होकर खेतलाजी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करें और महाप्रसाद ग्रहण कर आयोजन को सफल बनाएं।



















