आवृत्ती , पुणे
← Back to Homepage

पुणे जिला श्वेतांबर स्थानकवासी जैन सकल संघ की वार्षिक आमसभा संपन्न

maharashtra jain warta • Maharashtra Jain Warta • November 21, 2026
Spread the love

पुणे : श्री श्वेतांबर स्थानकवासी जैन सकल संघ, पुणे जिला की वार्षिक आमसभा शनिवार, 21 नवंबर को वडगांव शेरी जैन स्थानक में संपन्न हुई। इस अवसर पर संघ के नवनिर्मित ‘श्रमण संघ पुणे’ मोबाइल ऐप का लोकार्पण प्रमुख अतिथि राजेंद्र मुथा एवं सुनील नाहर के हाथों किया गया। समाज को डिजिटल माध्यम से जोड़ने तथा आपसी संवाद और समन्वय को मजबूत बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है।

संघ के अध्यक्ष विलास राठौड़ की अध्यक्षता में आयोजित सभा में पिछले वर्ष के संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा तथा आगामी योजनाओं पर चर्चा की गई। सभा में पिछली वार्षिक आमसभा के कार्यवृत्त को मंजूरी, वित्तीय वर्ष 2025-26 के लेखापरीक्षित आय-व्यय विवरण एवं जमा-खर्च पत्रक का अनुमोदन, वर्ष 2026-27 के अनुमानित बजट को स्वीकृति, लेखापरीक्षकों की नियुक्ति सहित विभिन्न प्रशासनिक विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

कार्याध्यक्ष अनिल नाहर ने संगठन की गतिविधियों को व्यापक बनाने तथा जिले के सभी संघों के बीच आपसी समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया। संस्थापक अध्यक्ष विजयकांत कोठारी सहित अन्य पदाधिकारियों ने संगठन की मजबूती एवं समाजहित के कार्यों में सामूहिक सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया।

वार्षिक आमसभा के आयोजन में अध्यक्ष विलास राठौड़, कार्याध्यक्ष अनिल नाहर, सचिव सागर सांखला सहित कार्यकारिणी पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभा के पश्चात वडगांव शेरी श्री संघ की ओर से उपस्थित समाजबंधुओं के लिए चौविहार की व्यवस्था की गई।

इस अवसर पर संस्थापक अध्यक्ष विजयकांत कोठारी, अध्यक्ष विलास राठौड़, कार्याध्यक्ष अनिल नाहर, सचिव सागर सांखला सहित पुणे जिले के विभिन्न जैन संघों के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं समाजबंधु उपस्थित रहे।

समाज की एकता एवं संगठनात्मक मजबूती पर जोर
अध्यक्ष विलास राठौड़ ने कहा कि पुणे जिले के विभिन्न स्थानकवासी जैन संघों को एक मंच पर लाकर समाज के धार्मिक, सामाजिक एवं संगठनात्मक विकास को गति देना संघ का प्रमुख उद्देश्य है। डिजिटल तकनीक के माध्यम से नई पीढ़ी को संगठन से जोड़ने तथा समाजबंधुओं के बीच संवाद को अधिक प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।