पुणे जिला श्वेतांबर स्थानकवासी जैन सकल संघ की वार्षिक आमसभा 21 नवंबर को
‘श्रमण संघ पुणे’ मोबाइल अॅप का होगा भव्य लोकार्पण : राजेंद्र मुथा एवं सुनील नाहर रहेंगे प्रमुख अतिथि
महाराष्ट्र न्युज नेटवर्क
पुणे : श्री श्वेतांबर स्थानकवासी जैन सकल संघ, पुणे जिला की वार्षिक सर्वसाधारण सभा शनिवार, 21 नवंबर 2026 को दोपहर 3 बजे वडगांवशेरी जैन स्थानक, पुणे में आयोजित की गई है। इस अवसर पर संघ द्वारा नवनिर्मित ‘श्रमण संघ पुणे’ मोबाइल अॅप का लोकार्पण प्रमुख अतिथि राजेंद्र मुथा एवं सुनील नाहर के करकमलों से किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण आयोजन में पुणे जिले के विभिन्न जैन संघों के पदाधिकारियों एवं समाजबंधुओं से बड़ी संख्या में उपस्थित रहने की अपील की गई है।
संघ के अध्यक्ष विलास राठौड़ ने बताया कि वार्षिक आमसभा में संगठन के पिछले वर्ष के कार्यों की समीक्षा के साथ ही आगामी योजनाओं पर महत्वपूर्ण चर्चा की जाएगी।
सभा में पिछली वार्षिक आमसभा के कार्यवृत्त को मंजूरी, वित्तीय वर्ष 2025-26 के लेखापरीक्षित आय-व्यय विवरण तथा जमा-खर्च पत्रक का अनुमोदन किया जाएगा।
इसके अलावा, वर्ष 2026-27 के अनुमानित बजट को स्वीकृति देने तथा लेखापरीक्षकों की नियुक्ति एवं उनके मानधन निर्धारण पर भी निर्णय लिया जाएगा।
इस आमसभा का प्रमुख आकर्षण संघ द्वारा तैयार किया गया नया ‘श्रमण संघ पुणे’ मोबाइल अॅप रहेगा। प्रमुख अतिथियों राजेंद्र मुथा एवं सुनील नाहर के हाथों इसका विधिवत लोकार्पण किया जाएगा।
इस अवसर पर उपस्थित समाजबंधुओं को मोबाइल अॅप की कार्यप्रणाली एवं उससे संबंधित जानकारी प्रदान की जाएगी। संघ की इस पहल को संगठन की गतिविधियों में डिजिटल माध्यमों का उपयोग बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
आमसभा में अध्यक्ष की अनुमति से अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा कर निर्णय लिए जाएंगे। सभा के लिए निर्धारित गणपूर्ति समय पर पूरी नहीं होने की स्थिति में बैठक उसी स्थान पर आधे घंटे बाद अर्थात दोपहर 3.30 बजे आयोजित की जाएगी।
सभा समाप्त होने के पश्चात वडगांव शेरी स्थित श्री संघ द्वारा सभी उपस्थित समाजबंधुओं के लिए चौविहार की व्यवस्था की गई है।
संघ के संस्थापक अध्यक्ष विजयकांत कोठारी, अध्यक्ष विलास राठौड़, कार्याध्यक्ष अनिल नाहर तथा सचिव सागर सांखला ने पुणे जिले के सभी जैन संघों के अध्यक्षों, पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों एवं समाजबंधुओं से वार्षिक आमसभा में समय पर उपस्थित रहकर संगठन की भावी योजनाओं में सक्रिय सहभागिता करने तथा कार्यक्रम का लाभ लेने की अपील की है।
