महाराष्ट्र जैन वार्ता
पुणे (भोजापूर) : हमें अत्यंत गर्व और हर्ष के साथ यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि चि. अर्जुन रोहन चोरडिया ने इंटरनेशनल वर्ल्ड रिकॉर्ड – सुपर टैलेंटेड किड अवॉर्ड प्राप्त कर परिवार एवं समाज का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। इतनी कम आयु में यह गौरवपूर्ण उपलब्धि अर्जुन की असाधारण प्रतिभा, समर्पण और संस्कारों का परिचायक है।
अर्जुन, भोजापूर (पुणे) निवासी मनोज चोरडिया एवं मंगल चोरडिया के सुपौत्र, सुरेखा एवं मनोज लुंकड़ के दोहीते तथा रोहन चोरडिया एवं दर्शना चोरडिया के सुपुत्र हैं। अर्जुन की इस सफलता से परिवार में हर्ष का वातावरण है तथा समाज में भी गर्व की भावना व्याप्त है।
यह अद्भुत उपलब्धि प. पू. प्रवीणऋषिजी म. सा. के मार्गदर्शन एवं “अर्हम् गर्भ साधना” के आशीर्वाद से संभव हो पाई है। पूज्य गुरुदेव के आध्यात्मिक सान्निध्य, आशीर्वाद और पारिवारिक सहयोग से अर्जुन ने अपनी विशिष्ट प्रतिभा का अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
परिवारजनों ने पूज्य गुरुदेव के चरणों में विनम्र वंदन करते हुए उनके प्रति हृदय से कृतज्ञता व्यक्त की है। साथ ही अर्जुन के उज्ज्वल भविष्य, निरंतर प्रगति और नई ऊँचाइयों को प्राप्त करने की मंगलकामना की है। अर्जुन की यह सफलता समाज के अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणादायी है, जो यह संदेश देती है कि सही मार्गदर्शन, संस्कार और परिश्रम से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।

















