गोवा में सजा JITO पुणे का भव्य FCP मिलन
रिश्तों, विश्वास और एकता का बना यादगार उत्सव
महाराष्ट्र जैन वार्ता
पुणे : JITO पुणे चैप्टर फाउंडेशन के चेयरमैन इंद्रकुमार छाजेड़ एवं चीफ सेक्रेटरी दिनेश ओसवाल के मार्गदर्शन में गोवा के भव्य ITC ग्रैंड गोवा में आयोजित तीन दिवसीय FCP मिलन 2026 हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण के बीच शानदार ढंग से संपन्न हुआ। इस विशेष आयोजन ने व्यवसाय, परिवार और मित्रता के रिश्तों को नई ऊर्जा प्रदान करते हुए JITO परिवार की एकजुटता का प्रेरणादायी परिचय दिया।
FCP मिलन के मुख्य प्रायोजक बालाजी बिल्डर्स के निलेश ओसवाल एवं महेश ओसवाल रहे। उनके विशेष सहयोग और समर्पण ने इस आयोजन को भव्यता एवं उत्कृष्टता के नए आयाम प्रदान किए।
गोवा की मनमोहक वादियों के बीच आयोजित इस मिलन में 60 से अधिक दंपतियों (कपल्स) ने सहभागिता दर्ज कराई और सदस्यों एवं उनके परिवारों ने एक साथ कई अविस्मरणीय क्षणों को जिया।
कार्यक्रम में JITO Apex Director राजेश सांखला, सेक्रेटरी जीतो पुणे चॅप्टर लक्ष्मीकांत खाबिया, JITO पुणे वाइस चेयरमैन अजय मेहता, खजिनदार दिलीप जैन, सह-खजिनदार रुपेश कोठारी, जॉइंट सेक्रेटरी अॅड. विशाल शिंगवी सहित JITO पुणे चैप्टर के सभी पदाधिकारी एवं गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
वहीं, आयोजन को सफल बनाने में चैप्टर डायरेक्टर हितेश शाह, कन्वीनर भरत भोमावत, को-कन्वीनर कमलेश मेहता एवं सुमित जैन का विशेष योगदान रहा।
सभी ने समन्वित प्रयासों से कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं यादगार स्वरूप प्रदान किया। तीन दिवसीय आयोजन के दौरान गाला डिनर, साउंड हीलिंग वर्कशॉप, सनडाउनर इवेंट, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, बीच स्पोर्ट्स तथा विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
प्रत्येक कार्यक्रम में सदस्यों और उनके परिवारों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। बच्चों से लेकर वरिष्ठ सदस्यों तक सभी ने इस मिलन का भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण लकी ड्रॉ भी रहा। प्रतिभागियों के लिए 100 ग्राम, 50 ग्राम एवं 25 ग्राम के सिल्वर कॉइन के तीन आकर्षक लकी ड्रॉ निकाले गए, जिससे आयोजन का उत्साह और बढ़ गया।
विजेताओं की घोषणा के दौरान उपस्थित सदस्यों में विशेष उत्सुकता और आनंद का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर JITO पुणे चैप्टर के डायरेक्टर्स, बोर्ड सदस्य, विभिन्न समितियों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सदस्य अपने परिवारों सहित उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन में अपनत्व, सौहार्द और पारिवारिक संस्कारों की सुंदर झलक देखने को मिली, जिसने सभी के मन पर अमिट छाप छोड़ी।
समापन अवसर पर आयोजकों ने सभी सदस्यों एवं उनके परिवारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि FCP मिलन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि JITO परिवार के बीच विश्वास, मित्रता और सहयोग को और अधिक मजबूत करने का एक सशक्त माध्यम है।
गोवा की खूबसूरत फिजाओं में बिताए गए ये तीन दिन सभी सहभागी परिवारों के लिए जीवनभर संजोकर रखने योग्य सुनहरी यादें बन गए।
जब 60 से अधिक परिवार अपने व्यस्त जीवन से समय निकालकर एक साथ बैठते हैं, हंसते हैं, अनुभव साझा करते हैं और नए रिश्ते बनाते हैं, तब समझ में आता है कि JITO केवल एक संगठन नहीं, बल्कि एक परिवार है। गोवा में हमने सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं किया, बल्कि ऐसी यादें बनाई हैं जो वर्षों तक सदस्यों के साथ रहेंगी। – इंद्रकुमार छाजेड़, चेयरमैन, जीतो पुणे चॅप्टर
व्यवसाय की चर्चा तो हम रोज करते हैं, लेकिन परिवारों को साथ लेकर रिश्तों को मजबूत करने के अवसर बहुत कम मिलते हैं। FCP मिलन की सबसे बड़ी सफलता यही रही कि यहां हर व्यक्ति सदस्य के रूप में नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य के रूप में जुड़ा। तीन दिनों में जो अपनापन देखने को मिला, वही JITO की असली पूंजी है। – दिनेश ओसवाल, चीफ सेक्रेटरी, जीतो पुणे चॅप्टर
FCP मिलन की सबसे खूबसूरत बात यह रही कि यहां किसी ने पद या व्यवसाय नहीं देखा, बल्कि हर किसी ने एक परिवार की तरह एक-दूसरे के साथ समय बिताया। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में ऐसे अवसर बहुत कम मिलते हैं, जहां परिवार, मित्रता और संगठन एक साथ इतने सुंदर रूप में दिखाई दें। गोवा में बिताए गए ये पल आने वाले वर्षों तक सभी के लिए प्रेरणादायी और यादगार रहेंगे। – अजय मेहता, JITO पुणे वाइस चेयरमैन
आज के दौर में सफलता केवल कारोबार की ऊंचाइयों से नहीं, बल्कि रिश्तों की गहराई से भी मापी जाती है। FCP मिलन ने हमें यह अवसर दिया कि हम अपने परिवारों के साथ जुड़ें, नए मित्र बनाएं और पुराने संबंधों को और मजबूत करें। गोवा में बिताए गए ये तीन दिन केवल एक कार्यक्रम नहीं थे, बल्कि JITO परिवार के साथ जीया गया एक खूबसूरत अनुभव थे, जिसकी यादें लंबे समय तक हमारे साथ रहेंगी। – दिलीप जैन, खजिनदार
कार्यक्रम खत्म हो गया है, लेकिन यहां बने रिश्ते, साझा की गई मुस्कानें और परिवारों के साथ बिताए गए खूबसूरत पल लंबे समय तक याद रहेंगे। जब किसी आयोजन से लौटते समय लोगों के चेहरे पर संतोष और दिल में अपनापन हो, तो समझिए आयोजन सफल ही नहीं, सार्थक भी हुआ है। – निलेश ओसवाल
Trailblazer of Commitment Award – इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सदस्यों का भी सम्मान किया गया। महाराष्ट्र जैन वार्ता के संपादक एवं JITO Pune Chapter Director अभिजीत डुंगरवाल को उनके समर्पण, निरंतर सक्रियता एवं संगठन के प्रति विशेष योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘Trailblazer of Commitment Award’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान प्राप्त होने पर उपस्थित सदस्यों ने उनका अभिनंदन करते हुए शुभकामनाएं दीं।
