नागपुर में तेरापंथ महासभा की संगठन यात्रा सम्पन्न
संघीय एकरूपता एवं सदस्यता अभियान पर हुआ मंथन
महाराष्ट्र जैन वार्ता
नागपुर : संस्था शिरोमणि अखिल भारतीय तेरापंथ महासभा की संगठन सार-संभाल यात्रा के अंतर्गत महासभा के वरिष्ठ पदाधिकारी नागपुर पहुंचे। इस अवसर पर नागपुर तेरापंथ सभा द्वारा उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
महासभा उपाध्यक्ष, सेवासाधक एवं विधि सलाहकार विजय चोपड़ा (गुवाहाटी), पश्चिम संभाग उपाध्यक्ष एवं पदाधिकारी संस्कारक प्रकाश डागलिया (सूरत), विदर्भ एवं मराठवाड़ा संभाग के आंचलिक प्रभारी कौशिक सुराणा (छत्रपति संभाजीनगर) तथा महासभा कार्यकारिणी सदस्य संजय सेठिया संगठन यात्रा के तहत नागपुर पधारे।
नागपुर तेरापंथ सभा के अध्यक्ष संजय पुगलिया ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए उनके आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त की। वरिष्ठ श्रावक कमल चोपडा, कमल कोठारी एवं निवर्तमान अध्यक्ष विजय रांका ने दुपट्टा ओढ़ाकर अतिथियों का सम्मान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नमस्कार महामंत्र के सामूहिक उच्चारण से हुआ। अपने उद्बोधन में विजय चोपडा ने महासभा के “संघीय एकरूपता अभियान” की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि देशभर की 625 सभाओं एवं उपसभाओं को एक समान विधान के अंतर्गत संगठित करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थानीय सभाओं की संपत्ति एवं कार्यप्रणाली पर महासभा का प्रत्यक्ष अधिकार नहीं होगा, किंतु सामाजिक समरसता, अनुशासन एवं संगठनात्मक उद्देश्यों की पूर्ति हेतु समय-समय पर मार्गदर्शन एवं सुझाव दिए जाएंगे।
नागपुर तेरापंथ सभा के दस्तावेजों एवं अभिलेखों का अवलोकन करने के पश्चात उन्होंने सभा के सुव्यवस्थित कार्यों की सराहना की। प्रकाश डागलिया ने अपने सुमधुर एवं प्रेरणादायी अंदाज में गीतिका के माध्यम से संघ और संघपति के प्रति समर्पण भाव को सुदृढ़ करने का संदेश दिया।
उन्होंने “तेरापंथ मेरा पंथ” कार्यशाला तथा “तेरापंथ सभा आपके द्वार” अभियान के माध्यम से परिवारों को जोड़ते हुए सामाजिक समरसता एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण के निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया।
साथ ही संस्था के कार्यालय, संपत्ति संबंधी मूल दस्तावेजों तथा शासकीय एवं गैर-शासकीय दायित्वों के सुव्यवस्थित रखरखाव के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।
सदस्यता अभियान को गति देने के संदर्भ में संगठन मंत्री महेंद्र आंचलिया ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही सभी पात्र सदस्यों को सदस्यता अभियान से जोड़कर उन्हें संगठन की मुख्यधारा में सक्रिय रूप से सहभागी बनाया जाएगा।
आंचलिक प्रभारी कौशिक सुराणा ने 18 जुलाई को छत्रपति संभाजीनगर में आयोजित होने वाली महासभा की एक दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण कार्यशाला तथा 14 से 16 अगस्त तक लाडनूं में आयोजित सभा प्रतिनिधि सम्मेलन में अधिकाधिक सहभागिता का आग्रह किया।
अंत में सभा मंत्री राजेंद्र पटावरी ने महासभा से पधारे सभी पदाधिकारियों, नागपुर तेरापंथ सभा, युवक परिषद तथा उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन सभा के सहसचिव प्रकाश डागा ने किया। यह जानकारी नागपुर तेरापंथ सभा के संगठन मंत्री एवं प्रचार-प्रसार मंत्री महेंद्र आंचलिया ने प्रदान की।
