आवृत्ती , पुणे
← Back to Homepage

भक्ति एवं उल्लास के साथ साध्वी भगवंतों का चातुर्मास मंगल प्रवेश संपन्न

maharashtra jain warta • Maharashtra Jain Warta • July 25, 2026
Spread the love

वाघोली : श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ, वाघोली में साध्वीरत्ना प. पू. श्री साक्षीज्योतीजी म. सा. एवं साध्वीरत्ना प. पू. श्री पूजाज्योतीजी म. सा. आदि ठाणा-02 का चातुर्मास मंगल प्रवेश श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। चातुर्मास के दौरान संघ में नियमित प्रवचन, आराधना, तप एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

रविवार, 19 जुलाई 2026 को आशाबाई रमणलाल लुंकड स्थानक भवन में आयोजित चातुर्मास मंगल प्रवेश समारोह में बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

मंगल प्रवेश यात्रा के साथ पूरे क्षेत्र में धार्मिक वातावरण का निर्माण हुआ। स्थानक भवन पहुंचने पर साध्वी भगवंतों का भावपूर्ण स्वागत, वंदन एवं अभिनंदन किया गया।

इसके पश्चात आयोजित धर्मसभा में श्रद्धालुओं ने मंगल प्रवचन एवं मंगल आशीर्वचन का लाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर संघ के पदाधिकारी, ट्रस्टीगण, वरिष्ठ समाजजन, महिला मंडल, युवक मंडल तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

सभी के सामूहिक सहयोग और समर्पण से चातुर्मास मंगल प्रवेश समारोह गरिमामय एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

साध्वी भगवंतों के पावन सान्निध्य में आगामी चार माह के चातुर्मास काल में नियमित प्रवचन, सामायिक, प्रतिक्रमण, तप, स्वाध्याय, आयंबिल, विविध आराधनाएं तथा पर्युषण महापर्व सहित अनेक धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इन आयोजनों के माध्यम से समाजजनों को धर्म आराधना, आत्मकल्याण और आध्यात्मिक उन्नति का श्रेष्ठ अवसर प्राप्त होगा।

श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ, वाघोली ने समस्त श्रद्धालुओं से चातुर्मास अवधि में आयोजित होने वाले सभी धार्मिक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है।

समारोह की सफलता में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी श्रावक-श्राविकाओं, कार्यकारिणी सदस्यों, महिला मंडल, युवक मंडल तथा स्वयंसेवकों के प्रति संघ ने हृदय से आभार व्यक्त किया।