आवृत्ती , पुणे
← Back to Homepage

जापान में नीव लोढ़ा ने बढ़ाया भारत का गौरव

maharashtra jain warta • Maharashtra Jain Warta • August 10, 2026
Spread the love

पुणे : जापान के साइतामा शहर में 30 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक आयोजित प्रतिष्ठित ‘साइतामा इनलाइन फ्रीस्टाइल एशिया कप-2026’ (जापान इंटरनेशनल चैंपियनशिप-2026) में पुणे के नन्हे स्केटिंग खिलाड़ी नीव सागर लोढ़ा ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करना नीव के खेल जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

रोलर स्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (RSFI) की इंडिया स्केट इनलाइन फ्रीस्टाइल टीम में पुणे की टीम एलाइट के कुल 9 खिलाड़ियों ने भारत का प्रतिनिधित्व किया।

इन खिलाड़ियों को प्रशिक्षक प्रफुल्ल चंदने एवं अर्चना प्रफुल्ल चंदने का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। भारतीय टीम में शामिल नीव सागर लोढ़ा डॉ. अंकिता लोढ़ा एवं डॉ. सागर लोढ़ा के सुपुत्र हैं।

नीव इनलाइन फ्रीस्टाइल स्पीड स्केटिंग (स्लैलम) में प्रशिक्षण ले रहे हैं। यह खेल गति, संतुलन, तकनीकी कौशल और सटीक नियंत्रण का बेहतरीन संगम है।

इसमें खिलाड़ी निर्धारित दूरी पर लगाए गए कोन्स के बीच तेज गति और संतुलन के साथ विभिन्न तकनीकी कौशल का प्रदर्शन करते हैं।

नीव ने महज 4 वर्ष की उम्र से स्केटिंग का प्रशिक्षण शुरू किया। कम उम्र से ही नियमित अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण के बल पर उन्होंने जिला एवं राज्य स्तरीय विभिन्न प्रतियोगिताओं में अनेक पदक अपने नाम किए हैं।

वर्तमान में भी वे नियमित रूप से प्रशिक्षण लेकर अपने खेल कौशल को और बेहतर बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में इतनी कम उम्र में भारत का प्रतिनिधित्व करना नीव की मेहनत, लगन और प्रतिभा का परिचायक है।

जापान में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत की ओर से हिस्सा लेकर नीव ने अपने परिवार के साथ-साथ पुणे और महाराष्ट्र का भी गौरव बढ़ाया है।

नीव की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर खेलप्रेमियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। भविष्य मेंही नीव आपल्या प्रतिभा, मेहनत और निरंतर अभ्यास के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयां हासिल करते हुए भारत, महाराष्ट्र और पुणे का नाम अधिक गौरवान्वित करें, ऐसी शुभकामनाएँ व्यक्त की जा रही हैं।