आवृत्ती , पुणे
← Back to Homepage

पुणे की बेटी अविस्मा उपेश मर्लेचा ने जापान में लहराया तिरंगा

maharashtra jain warta • Maharashtra Jain Warta • August 13, 2026
Spread the love

पुणे : सपने वही साकार होते हैं, जिन्हें मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास के पंख मिल जाएं। पुणे की बेटी अविस्मा उपेश मर्लेचा ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर जापान की धरती पर भारत का तिरंगा लहराकर देश और पुणे का गौरव बढ़ाया है।

द बिशप्स स्कूल, उंड्री की कक्षा 9वीं की छात्रा अविस्मा ने जापान में आयोजित सैतामा एशियन कप 2026 की इनलाइन फ्रीस्टाइल क्लासिक स्लैलम स्केटिंग स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पांचवां स्थान हासिल किया।

अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस स्पर्धा में अविस्मा का प्रदर्शन उनकी प्रतिभा, अनुशासन और वर्षों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। पुणे के महर्षि नगर स्थित शिवशंकर सभागृह में प्रशिक्षक प्रफुल चंदणे एवं अर्चना चंदणे के मार्गदर्शन में अविस्मा नियमित रूप से कठिन अभ्यास करती हैं।

प्रशिक्षण के दौरान लगातार मेहनत, अनुशासन और अपने खेल को बेहतर बनाने की लगन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। उनकी इस उपलब्धि में प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन के साथ परिवार के निरंतर सहयोग की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

रोलर स्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (RSFI) के माध्यम से लगातार तीसरी बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अविस्मा ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना और सैतामा एशियन कप में पांचवां स्थान हासिल करना उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की ओर संकेत करता है।

अविस्मा की इस उपलब्धि से परिवार, स्कूल, प्रशिक्षकों और पूरे जैन समाज में हर्ष का वातावरण है। जैन परंपरा परिवार की ओर से अविस्मा उपेश मर्लेचा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि अविस्मा आने वाले समय में भी इसी तरह अपनी प्रतिभा के दम पर देश और समाज का नाम रोशन करती रहेंगी।