आवृत्ती , पुणे
← Back to Homepage

ओडिशा में नीव लोढ़ा का शानदार प्रदर्शन, ओपन नेशनल रैंकिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक

maharashtra jain warta • Maharashtra Jain Warta • September 8, 2026
Spread the love

पुणे : द बिशप्स स्कूल, कैंप, पुणे के कक्षा 6 के प्रतिभाशाली युवा छात्र एवं खिलाड़ी नीव लोढ़ा ने ओडिशा में आयोजित ओपन नेशनल रैंकिंग चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पीड स्लैलम स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ नीव ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय देते हुए स्वयं को राष्ट्रीय पदक विजेता के रूप में स्थापित किया है।

नीव ने 10 से 12 वर्ष आयु वर्ग में देशभर से आए प्रतिभावान खिलाड़ियों के बीच अपनी गति, संतुलन, तकनीकी कौशल और शानदार नियंत्रण का प्रदर्शन किया।

कड़ी राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा के बीच कांस्य पदक हासिल करना नीव की निरंतर मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है।

कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर नीव ने अपने परिवार, द बिशप्स स्कूल, कैंप तथा पुणे शहर का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवारजनों, शिक्षकों, प्रशिक्षकों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।

नीव की इस सफलता में उनके प्रशिक्षक प्रफुल्ल चांदणे एवं अर्चना प्रफुल्ल चांदणे का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। दोनों प्रशिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन, कठिन प्रशिक्षण, प्रोत्साहन और खेल तकनीक पर विशेष ध्यान ने नीव को राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए तैयार किया।

नीव के माता-पिता डॉ. अंकिता लोढ़ा एवं डॉ. सागर लोढ़ा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अपने प्रशिक्षकों, विद्यालय, शिक्षकों तथा सभी शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि नीव की यह सफलता उसकी मेहनत के साथ-साथ उसके प्रशिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन और सभी के आशीर्वाद का परिणाम है।

नीव का लक्ष्य भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन करते हुए देश का प्रतिनिधित्व करना और भारत के लिए गौरव हासिल करना है।

उनकी यह उपलब्धि निश्चित रूप से अन्य युवा खिलाड़ियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करेगी।