नारी सम्मान एवं डॉक्टरों का अभिनंदन
आदिनाथ भवन में सेवा भाव का सम्मान
महाराष्ट्र जैन वार्ता
पुणे : पर्युषण पर्व के पावन अवसर पर उपप्रवर्तिनी महासाध्वी चंद्रकलाजी म. सा., प. पू. स्नेहप्रभाजी म. सा. एवं प. पू. श्रुतप्रज्ञाजी म. सा. के पावन सान्निध्य में श्री आदिनाथ स्थानकवासी जैन भवन में नारी सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
प्रमुख अतिथि भामाशाह रमणलाल लुंकड एवं अनिता कटारिया की उपस्थिति में प्रमिलाबाई नौपतलालजी सांकला, कान्ता नाहर एवं सपना सुनील नाहर का संघ की ओर से सम्मान किया गया।
समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं के सम्मान के साथ इस अवसर पर आदिनाथ भवन में निःशुल्क चिकित्सा सेवा देने वाले सभी डॉक्टरों का भी विशेष सम्मान किया गया।
ये डॉक्टर साधु-संतों की सेवा के लिए 24 घंटे तत्पर रहते हुए निःशुल्क चिकित्सा सेवा प्रदान करते हैं। कार्यक्रम से पूर्व उपप्रवर्तिनी महासाध्वी चंद्रकलाजी म. सा., प. पू. स्नेहप्रभाजी म. सा. एवं प. पू. श्रुतप्रज्ञाजी म. सा. के मंगलमय प्रवचन हुए।
उनके आशीर्वचन एवं मार्गदर्शन से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम के आयोजन में संघ के अध्यक्ष निलेश संदेशा मुथा, अनिल नहार, मदनलाल बलदोटा, विजय नवलखा, सुभाष मुथा, संजय सांकला, सचिन टाटीया, सचिन रायसोनी एवं वैभव संघवी ने विशेष परिश्रम किया।
इस अवसर पर सुनील नाहर, राजेश सांकला, रवींद्र सांकला, डॉ. मिलिंद दुगड, मधुसुदन आसावा, दीपक लुंकड, अभिजीत डुंगरवाल, कांतिलाल भंडारी, विनय बोरा एवं नेमीचंद सोलंकी सहित अनेक मान्यवर उपस्थित रहे।
समारोह में असंख्य श्रोता उपस्थित रहे। नारी शक्ति के सम्मान और निःशुल्क चिकित्सा सेवा देने वाले डॉक्टरों के अभिनंदन के साथ यह आयोजन सेवा एवं सम्मान का प्रेरणादायी अवसर बना।

