अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद की ‘ब्लड मोबाइल वैन’ का पुणे में शुभारंभ
अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित वैन कमला नेहरू अस्पताल के बीडकर ब्लड सेंटर को सौंपी
महाराष्ट्र जैन वार्ता
पुणे : अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद की ओर से रक्तदान सेवा को और अधिक व्यापक एवं सुलभ बनाने के उद्देश्य से तैयार की गई अत्याधुनिक ‘ब्लड मोबाइल वैन’ का शुभारंभ गुरुवार, 1 अक्टूबर 2026 को पुणे में जैन संस्कार विधि के साथ उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के उपाध्यक्ष-चतुर्थ कमलेश भंसाली की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर मुंबई ब्लड कैंप कन्वीनर रौनक कोठारी की विशेष उपस्थिति रही।
श्रमण संघ उपप्रवर्तक मुनि श्री नरेश कुमारजी ने अपने मंगल उद्बोधन में रक्तदान एवं मानव सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इस पहल को समाजोपयोगी और प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम के अंत में मुनि श्री द्वारा मंगल पाठ प्रदान किया गया।
यह ब्लड मोबाइल वैन महाराष्ट्र की पुण्यनगरी पुणे स्थित महाराष्ट्र शासन संचालित कमला नेहरू अस्पताल के कै. मधुकर सखाराम बीडकर ब्लड सेंटर को विधिवत् सुपुर्द की गई।
यह वैन रक्त संग्रह के लिए आवश्यक आधुनिक संसाधनों और सुविधाओं से पूरी तरह सुसज्जित है। इसके माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में जाकर रक्तदान शिविर आयोजित करने तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने की मुहिम को और गति मिलेगी।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य अतिथियों एवं समाजजनों ने मोबाइल वैन का अवलोकन किया और अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद की इस सेवा पहल की सराहना की। कार्यक्रम में जैन संस्कार विधि की विशेष प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही।
इस अवसर पर तेरापंथ सभा अध्यक्ष, तेरापंथ युवक परिषद अध्यक्ष, भिक्षु मेमोरियल ट्रस्ट अध्यक्ष, महिला मंडल मंत्री सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
तेरापंथ युवक परिषद, पुणे के अध्यक्ष मनीष भंडारी ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का आयोजन तेरापंथ युवक परिषद, पुणे एवं अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
