जीतो अपेक्स के चेयरमैन बने संजय डांगी, हिमांशु शाह बने प्रेसिडेंट
महाराष्ट्र जैन वार्ता
मुंबई : जैन समाज की बड़ी अंतरराष्ट्रीय संस्था जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (जीतो) के चेयरमैन (2026-28) पद पर संजय डांगी एवं प्रेसिडेंट पद पर हिमांशु शाह को सर्वसम्मति से चुना गया। संजय डांगी एवं हिमांशु शाह का जीतो में शुरू से ही महत्वपूर्ण योगदान रहा है। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक, व्यावसायिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं में कई प्रमुख पदों पर रहकर सेवा का लंबा अनुभव रहा है।
ऑथम ग्रुप के चेयरमैन संजय डांगी एक परोपकारी एवं समाज में समानता के प्रबल समर्थक हैं। वे विभिन्न सामाजिक संगठनों में भी सक्रिय हैं। अंतरराष्ट्रीय संस्था जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (जीतो) अपेक्स की ऑडिट कमेटी के चेयरमैन, जैन एजुकेशन ट्रेनिंग फाउंडेशन (जेटीएफ) के ट्रस्टी, जीतो एजुकेशन असिस्टेंस फाउंडेशन (JEAP) के ट्रस्टी एवं श्रमण आरोग्यम के ट्रस्टी भी हैं।
भारत के वित्तीय जगत में कुछ ऐसे नाम हैं, जिन्होंने अपनी दूरदर्शिता, अनुशासन और निवेश कौशल के बल पर विशिष्ट पहचान बनाई है। ऐसे ही अग्रणी उद्योगपतियों में संजय डांगी का नाम सम्मान के साथ लिया जाता है। वे ऑथम इन्वेस्टमेंट एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर लि. के संस्थापक प्रवर्तकों में से हैं और वित्तीय सेवाओं, निवेश तथा वैल्यू इन्वेस्टिंग के क्षेत्र में उनकी पहचान एक दूरदर्शी उद्यमी के रूप में स्थापित है। वे चार्टर्ड अकाउंटेंट और कंपनी सेक्रेटरी हैं तथा लगभग 25 वर्षों से पूंजी बाजार, निवेश और स्ट्रक्चर्ड फाइनेंस (Structured Finance) के क्षेत्र में सक्रिय हैं। संजय डांगी ने हाल ही में मुंबई में बनने वाले डांगी जीतो हॉस्टल के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
मोनार्क नेटवर्थ कैपिटल लि., अहमदाबाद के चेयरमैन एवं प्रेसिडेंट हिमांशु शाह भी सामाजिक, धार्मिक एवं शिक्षा क्षेत्र में जाना-माना नाम हैं। वे श्रमण आरोग्यम के प्रेसिडेंट, जीतो अपेक्स के वाइस चेयरमैन रह चुके हैं। वे जेटीएफ, जीप एवं श्रमण आरोग्यम के ट्रस्टी भी हैं। जीतो में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
जीतो की स्थापना 2007 में तीन सिद्धांतों-सीखो, कमाओ एवं समाज को अर्पण करो-से हुई। जीतो के देशभर में 103 चैप्टर, 9 जोन एवं 30 अंतरराष्ट्रीय चैप्टर हैं, जिनमें 50 हजार से भी ज्यादा सदस्य हैं। जीतो द्वारा जेटीएफ, श्रमण आरोग्यम, जीतो बिजनेस नेटवर्क, जीतो प्रोफेशनल फोरम, जीतो इनक्यूबेशन एंड इनोवेशन फाउंडेशन, जीतो जॉब्स, जीतो माइनॉरिटी, जीतो मेट्रोमनी, जीतो सेंटर फॉर एक्सीलेंस, जीतो एजुकेशन असिस्टेंस फाउंडेशन, जीतम, जीतो स्पोर्ट्स, जीतो टाउन रिप्रेजेंटेटिव सहित अन्य इकाइयां जैन समाज के उत्थान के लिए कार्य कर रही हैं।
