आवृत्ती , पुणे
← Back to Homepage

विश्व चैंपियनशिप में पुरब अतुल दुगड़ का शानदार प्रदर्शन

maharashtra jain warta • Maharashtra Jain Warta • October 9, 2026
Spread the love

पुणे : प्रसिद्ध उद्योगपति प्रमोद दुगड़ के पोते पुरब अतुल दुगड़ ने दक्षिण अमेरिका के पैराग्वे में आयोजित इनलाइन फ्रीस्टाइल स्लैलम विश्व चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 वर्ग में 7वां स्थान हासिल किया। 31 देशों के 1300 से अधिक स्केटर्स की भागीदारी वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 14 वर्षीय पुरब ने भारत का प्रतिनिधित्व किया। खास बात यह है कि वह अंडर-14 वर्ग के सबसे कम उम्र के प्रतिभागियों में शामिल रहे।

दुनिया के बेहतरीन युवा स्केटर्स के बीच पुरब ने अपने शानदार खेल, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया। इतनी कम उम्र में विश्व चैंपियनशिप में सातवां स्थान हासिल करना उनकी वर्षों की मेहनत और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।

पुरब पिछले एक दशक से अधिक समय से इनलाइन फ्रीस्टाइल स्केटिंग का प्रशिक्षण ले रहे हैं। पुणे के मुकुंदनगर स्थित शिवशंकर सभागृह में भारतीय टीम के कोच प्रफुल्ल चंदाने और उनकी पत्नी अर्चना चंदाने के मार्गदर्शन में वे नियमित अभ्यास करते हैं। उनके प्रशिक्षण, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने में मदद की है।

विशेष बात यह है कि पुरब ने शुद्ध शाकाहारी जीवनशैली अपनाते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। उनके माता-पिता अतुल दुगड़ और कविता दुगड़ का निरंतर सहयोग, प्रोत्साहन और त्याग उनकी सफलता में महत्वपूर्ण रहा है। देव गुरु की कृपा, खेतलाजी के आशीर्वाद और बड़ों के स्नेह से मिली इस उपलब्धि ने परिवार के साथ-साथ पुणे का भी गौरव बढ़ाया है।

इससे पहले जापान में आयोजित सैतामा इनलाइन फ्रीस्टाइल एशिया कप में भी पुरब ने स्पीड स्लैलम और क्लासिक स्लैलम, दोनों स्पर्धाओं में चौथा स्थान हासिल किया था। उनके बड़े भाई तानिष्क अतुल दुगड़ ने भी इसी प्रतियोगिता के बैटल स्लैलम में पांचवां स्थान प्राप्त किया था।

पुरब की विश्व चैंपियनशिप में यह उपलब्धि भारतीय इनलाइन फ्रीस्टाइल स्केटिंग के लिए उत्साहजनक है। उनकी सफलता से परिवार, प्रशिक्षकों और पुणे के खेल जगत में खुशी का माहौल है। आगामी प्रतियोगिताओं में भी उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।