आचार्य पद्मश्री गोडवाल भूषण नित्यानंदजी महाराज के पावन सान्निध्य में अटियासन (नागौर) में ऐतिहासिक आयोजन
महाराष्ट्र जैन वार्ता
पुणे : नाहर परिवार संचालित त्रिभुवन जैन संगठन ट्रस्ट द्वारा 9, 10 एवं 11 फरवरी 2022 को अटियासन गाँव, नागौर (राजस्थान) स्थित नाहर एकता कॉलोनी में भव्य प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
आचार्य पद्मश्री गोडवाल भूषण नित्यानंदजी महाराज के पावन सान्निध्य में आयोजित इस ऐतिहासिक प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में श्रेयांसनाथ भगवान के कमलाकार भव्य मंदिर में विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न की गई।
साथ ही नाकोड़ा भैरूजी, शंखेश्वर पार्श्वनाथ भगवान, गौतम स्वामीजी, नाहर कुल के कुलगुरु मानदेव सूरीजी, मुनि सूरत स्वामीजी एवं पद्मावती माताजी की दिव्य प्रतिमाओं की वैदिक विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ प्रतिष्ठा की गई।
यह मंदिर कुलदेवी माताजी मंदिर के समीप स्थित होने के कारण श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बन गया है तथा अटियासन क्षेत्र को एक नवीन तीर्थस्थल के रूप में पहचान दिला रहा है।
मंदिर निर्माण के अवसर पर पूज्य आचार्य श्री ने त्रिभुवन जैन संगठन ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेश पी. नाहर (पुणे) का सार्वजनिक रूप से अभिनंदन किया।
डायमंड रत्न से सम्मानित राजेश पी. नाहर के समर्पण, संगठन क्षमता तथा मात्र आठ माह में मंदिर निर्माण पूर्ण करने के अद्वितीय कार्य की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उन्हें विशेष अनुमोदना प्रदान की गई।
अपने उद्गारों में पूज्य आचार्य श्री ने कहा, “राजेश नाहर ने माताजी मंदिर, नागौर के माताजी मंदिर तथा श्रेयांसनाथ भगवान के इस कमल मंदिर के निर्माण में जो समर्पण भाव प्रदर्शित किया है, उसे नाहर परिवार का इतिहास कभी नहीं भूलेगा।”
इस भव्य महोत्सव की सफलता में चेन्नई के वरिष्ठ समाजसेवी तोलाचंद नाहर, ट्रस्ट उपाध्यक्ष प्रवीण नाहर, राकेश नाहर, सुभाष नाहर (पुणे), विनोद नाहर (पुणे), अरुण नाहर (बैंगलोर) तथा मनोज नाहर (नागौर) सहित अनेक समर्पित कार्यकर्ताओं ने तन-मन-धन से दिन-रात एक कर महत्वपूर्ण योगदान दिया।
यह भव्य प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव नाहर परिवार की एकता, आस्था एवं संगठन शक्ति का अनुपम उदाहरण बनकर सदैव स्मरणीय रहेगा।

















