माणिक बाग में जैन समाज का उत्साह चरम पर
पुणे : भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक के अवसर पर पूरे जैन समाज में हर्ष और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
श्री श्वेतांबर जैन मूर्तिपूजक संघ, माणिक बाग की ओर से महावीर स्वामीजी के जन्मदिवस पर चांदी की पालकी में भगवान को विराजित कर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ आयोजित की गई।
इस अवसर पर जैन धर्म के भक्तिसुरी समुदाय की साध्वीजी भाग्यनिधि महाराज साहेब सहित कुल 9 साध्वीजी उपस्थित रहीं। साथ ही पुणे की महापौर मंजूषा नागपुरे तथा श्री संघ के कई मान्यवर भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
भगवान महावीर स्वामी की पूजा-अर्चना के बाद शोभायात्रा मंदिर से प्रारंभ होकर गोयलगंगा सोसाइटी, खाऊ गली, अमृतगंगा, सह्याद्री हाइट्स होते हुए गोयलगंगा सिग्नल मार्ग से पुनः माणिक बाग मंदिर में संपन्न हुई।
संघ के अध्यक्ष भरत भुरट ने बताया कि हर वर्ष श्वेतांबर और दिगंबर समाज मिलकर पालकी यात्रा निकालते हैं, लेकिन इस वर्ष तिथियों में अंतर होने के कारण दोनों समाजों ने 30 और 31 तारीख को अलग-अलग आयोजन किए। इस दौरान जैन समाज द्वारा सिंहगढ़ रोड पर टू-व्हीलर रैली भी निकाली गई।
उत्सव के दौरान समाज के लोगों के लिए बूंदी के लड्डू, ठंडा पानी और रस की व्यवस्था की गई। इस शोभायात्रा में भरत भुरट, सुहास शाह, दिनेश मुथा, सुरेश विनायकिया, संतोष दोषी, संजय शाह, तेजस मर्चेंट, विपुल बागरेचा, राजमल विनायकिया, मोतीलाल सालेचा, नितिन विनायकिया सहित समस्त जैन समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे।




















