आवृत्ती , पुणे
← Back to Homepage

जीतो की ओर से देश के सबसे बड़े वैवाहिक परिचय सम्मेलन का आयोजन

maharashtra jain warta • Maharashtra Jain Warta • May 28, 2026
Spread the love

पुणे : जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (JITO) की ओर से आगामी 6 एवं 7 जून को पुणे स्थित होटल वेस्टीन में देश के सबसे बड़े जैन वैवाहिक परिचय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस दो दिवसीय आयोजन में देशभर के साथ-साथ विदेशों से भी विवाह योग्य युवक-युवतियों ने सहभागिता दर्ज कराई है।

देशभर के जैन समाज के 24 से 32 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं से इस वैवाहिक परिचय सम्मेलन को अभूतपूर्व प्रतिसाद मिला है। देश-विदेश से लगभग 350 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया है। इस अवसर पर जीतो एपेक्स के राष्ट्रीय चेयरमैन पृथ्वीराज कोठारी, राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय भंडारी, सेक्रेटरी जनरल ललित डांगी, एपेक्स डायरेक्टर राजेश सांकला एवं सुजीत भटेवरा, जेएटीएफ रोम के चेयरमैन रविंद्र सांकला तथा एपेक्स इवेंट मैनेजमेंट कमिटी के चेयरमैन जिनेंद्र लोढ़ा सहित देशभर के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।

इस सम्मेलन की विशेषता यह है कि यह केवल परिचय कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जीतो मैट्रिमोनी टीम द्वारा प्रत्येक उम्मीदवार को व्यक्तिगत मार्गदर्शन और काउंसलिंग भी दी जाएगी। योग्य जीवनसाथी के चयन हेतु अनुभवी व्यक्तियों द्वारा प्रत्यक्ष संवाद के माध्यम से सहायता प्रदान की जाएगी। जीतो मैट्रिमोनी एपेक्स ने अब तक देशभर में अनेक सफल वैवाहिक रिश्ते स्थापित किए हैं, जिसके कारण समाज में इस संस्था के प्रति विशेष विश्वास बना है। वर्तमान समय में विवाह तय करना चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है, ऐसे में जीतो मैट्रिमोनी एक प्रभावी और विश्वसनीय माध्यम बनकर सामने आया है।

इस अवसर पर वैवाहिक क्षेत्र में निस्वार्थ भाव से दीर्घकाल तक कार्य करने वाले तीन प्रमुख व्यक्तित्वों का सम्मान भी किया जाएगा। इनमें मुंबई के नवीन नाहर, पुणे के पृथ्वीराज धोका तथा सुभाष ललवानी का समावेश है।

इस आयोजन को सफल बनाने के लिए मैट्रिमोनी टीम की डायरेक्टर इंचार्ज प्रियंकाजी परमार, नीरू मेहता, महाराष्ट्र चेयरमैन राजेंद्र जैन तथा पुणे जीतो चैप्टर के चेयरमैन इंदर छाजेड़ ने विशेष परिश्रम किए हैं।

आयुष्य के सही जीवनसाथी के चयन में जीतो मैट्रिमोनी बना विश्वसनीय माध्यम
पिछले 20 से 25 वर्षों में समाज ने तेजी से प्रगति की है, लेकिन संवाद कम होता जा रहा है। ऐसे समय में विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए उपयुक्त जीवनसाथी चुनना परिवारों के लिए कठिन होता जा रहा है। जैन समाज व्यवसाय और उद्योग के कारण देशभर एवं विदेशों में फैला हुआ है, जिससे यह प्रक्रिया और अधिक जटिल बन गई है। ऐसे में जीतो मैट्रिमोनी समाज को एक विश्वसनीय मंच उपलब्ध करा रहा है। पुणे में आयोजित होने वाले इस वैवाहिक परिचय सम्मेलन में देश और विदेश से बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने पंजीकरण किया है, जो समाज के बढ़ते विश्वास का प्रतीक है।
– विजय भंडारी, PRESIDENT,
JITO APEX