नवकार आर्ट फाउंडेशन द्वारा 200 चित्रकारों की कलाकृतियों की भव्य प्रदर्शनी का शुभारंभ
देशभर के कलाकारों की 200 से अधिक कलाकृतियां बालगंधर्व कला दालन में प्रदर्शित, तीन दिनों तक रहेगा आयोजन
महाराष्ट्र जैन वार्ता
पुणे : पुणे स्थित नवकार आर्ट फाउंडेशन के तत्वावधान में देशभर के लगभग 200 चित्रकारों की विविध कलाकृतियों की भव्य प्रदर्शनी का शुभारंभ रविवार, 31 मई 2026 को बालगंधर्व कला दालन में संपन्न हुआ। कला संरक्षण एवं कलाकारों को वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित यह प्रदर्शनी आगामी तीन दिनों तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी।
पुणे के बालगंधर्व कला दालन में नवकार आर्ट फाउंडेशन द्वारा आयोजित चित्रकला प्रदर्शनी का उद्घाटन श्री सकल जैन श्रावक संघ, पुणे जिला के अध्यक्ष विलास राठौड़ के करकमलों द्वारा किया गया।
प्रदर्शनी में देशभर के लगभग 200 चित्रकारों की विभिन्न कलाकृतियों को आकर्षक फ्रेमों में प्रदर्शित किया गया है। इस अवसर पर नगरसेविका सपना छाजेड़, नगरसेविका मनिषा चोरबेले, सूर्यदत्त इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन के अध्यक्ष डॉ. संजय चोरड़िया, पूर्व नगरसेवक आनंद छाजेड़, संदीप भंडारी, सरहद्द के विश्वस्त अभय नाहर, राजेंद्र सुराणा, कलाकार अशोक जैन, अशोक बाफना सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने प्रदर्शित कलाकृतियों का अवलोकन किया तथा दीप प्रज्वलित कर आयोजन का शुभारंभ किया। महासाध्वी पूज्य श्री प्रतिभाश्रीजी म.सा. आदि ठाणा-2 ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए प्रदर्शनी का अवलोकन किया और मंगल पाठ प्रदान किया।
नवकार आर्ट फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष मनसुख छाजेड़ ने सभी अतिथियों एवं कलाकारों का स्वागत एवं सम्मान करते हुए आभार व्यक्त किया।
उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शनी प्रतिवर्ष आयोजित की जाती है और पिछले 11 वर्षों से पुणे में निरंतर आयोजित हो रही है। कलाकारों से मिले उत्साहजनक प्रतिसाद के कारण मुंबई, नगर एवं नाशिक में भी ऐसे आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि नवकार आर्ट फाउंडेशन पिछले 11 वर्षों से “न लाभ, न हानि” के सिद्धांत पर कार्य करते हुए जैन समाज के कलाकारों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास कर रहा है।
संस्था दुर्लभ होती जा रही कला परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन का महत्वपूर्ण कार्य भी कर रही है।
इस प्रदर्शनी के आयोजन में कीर्ति ओसवाल, संजय संचेती, प्रेरणा नाहर, रोशनी नाहर, प्रतिभा दुगड़, अनुज नाहर, मनोज नाहर तथा सतीश दुगड़ सहित पूरी टीम ने पिछले एक माह से अथक परिश्रम किया।
कार्यक्रम का संचालन जयपुर के अशोक बाफना ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन अनुज नाहर ने व्यक्त किया।
