‘परिचय से परिणय’ सम्मेलन 14 जून को
युवक-युवतियों को मिलेगा उपयुक्त जीवनसाथी खोजने का अवसर : बाळासाहेब धोका
महाराष्ट्र जैन वार्ता
पुणे : बदलती जीवनशैली, बढ़ती शैक्षणिक और व्यावसायिक व्यस्तताओं के बीच विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए उपयुक्त जीवनसाथी की तलाश आज एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए सकल जैन वधू-वर परिचय मंच, पुणे द्वारा ‘परिचय से परिणय’ वधू-वर परिचय सम्मेलन का आयोजन रविवार, 14 जून 2026 को दत्तनगर, कात्रज स्थित आनंद दरबार में किया जा रहा है। यह सम्मेलन सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा।
समाज के अनेक परिवार अपने बच्चों के लिए योग्य जीवनसाथी की तलाश में लंबे समय से प्रयासरत रहते हैं। ऐसे में यह सम्मेलन युवक-युवतियों और उनके परिवारों को एक ही छत के नीचे मिलने, संवाद स्थापित करने और एक-दूसरे को समझने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगा।
आयोजकों का मानना है कि इस प्रकार के परिचय सम्मेलन समाज में वैवाहिक संबंधों को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ परिवारों की चिंताओं को भी कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मंच के अध्यक्ष बाळासाहेब धोका ने बताया कि सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रत्येक उम्मीदवार के साथ दो परिजनों को उपस्थित रहने की अनुमति रहेगी।
इससे परिवारों को भी प्रत्यक्ष रूप से परिचय और चर्चा का अवसर प्राप्त होगा तथा निर्णय प्रक्रिया अधिक सहज बन सकेगी। इस सामाजिक उपक्रम के आधारस्तंभ भामाशाह रमणलाल लुंकड हैं।
वहीं समाजसेवी युवराज शाहा उपस्थित प्रतिभागियों को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। आयोजन की सफलता के लिए पृथ्वीराज धोका, सुनील देसरडा, प्रा. अशोककुमार पगारिया, अशोककुमार कटारिया, पूजा गूगळे, कविता श्रीश्रीमाल तथा सुरेखा बेताळा सहित पूरी आयोजन समिति सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।
आयोजकों ने जैन समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों एवं उनके परिवारों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए 9421016298 पर संपर्क किया जा सकता है।
