आवृत्ती , पुणे
← Back to Homepage

पुणे जिले के सभी जैन संघों को जोड़ने की दिशा में सकल संघ की महत्वपूर्ण पहल

maharashtra jain warta • Maharashtra Jain Warta • June 8, 2026
Spread the love

पुणे : श्री श्वेतांबर स्थानकवासी जैन सकल संघ, पुणे जिला के नवनिर्वाचित अध्यक्ष विलास राठोड ने अपने चयन के पश्चात व्यक्त किए गए संकल्प को मूर्त रूप देते हुए संपूर्ण जिला कार्यकारिणी के साथ पुणे जिले के प्रत्येक संघ का दौरा प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। इस अभियान का उद्देश्य विभिन्न संघों की व्यवस्थाओं, गतिविधियों, आवश्यकताओं एवं समस्याओं को समझकर संगठन को और अधिक सशक्त बनाना है।

इसी क्रम में 9 जून 2026, मंगलवार को आळेफाटा, जुन्नर, नारायणगांव, मंचर एवं राजगुरुनगर संघों के भ्रमण का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस दौरान संबंधित संघों के संघपति, पदाधिकारी, ट्रस्टीगण, महिला मंडल, युवक मंडल, विहार साथी एवं अन्य सक्रिय कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित किया जाएगा।

इस विशेष दौरे का मुख्य उद्देश्य पुणे जिला स्तर पर महिला मंडल, युवक मंडल एवं विहार साथियों की एक सुदृढ़ एवं संगठित श्रृंखला का निर्माण करना है। इसके लिए प्रत्येक संघ से पदाधिकारियों एवं ट्रस्टियों की सूची, महिला एवं युवक मंडल की कार्यकारिणी, विहार साथियों की जानकारी तथा प्रमुख पदाधिकारियों के फोटोग्राफ एकत्रित किए जाएंगे, जिनके आधार पर जिला स्तर की एक व्यापक डायरेक्टरी तैयार की जाएगी।

बैठक के दौरान प्रत्येक गांव में जैन पाठशाला के निर्माण एवं उसके प्रभावी संचालन को लेकर भी विस्तृत चर्चा की जाएगी। सकल संघ ने सभी समाजबंधुओं से इस महत्वपूर्ण आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह किया है।

साथ ही, जो संघपति एवं पदाधिकारी इस दौरे में सहभागी बनना चाहते हैं, उनसे पूर्व सूचना देकर संपर्क करने का अनुरोध किया गया है। कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा एवं समय-सारणी आगामी एक-दो दिनों में जारी की जाएगी।

इस अवसर पर अध्यक्ष विलास राठोड, कार्याध्यक्ष अनिल नहार एवं महामंत्री सागर साखला ने समाज के सभी वर्गों से सहयोग एवं सहभागिता का आह्वान किया है, ताकि पूरे पुणे जिले के जैन समाज को एक मजबूत संगठनात्मक सूत्र में पिरोया जा सके।