पुणे जिला सकल संघ का आळेफाटा दौरा संपन्न, संगठन सशक्तिकरण पर हुआ मंथन
महाराष्ट्र जैन वार्ता
पुणे : श्री श्वेतांबर स्थानकवासी जैन सकल संघ, पुणे जिला के अध्यक्ष विलास राठोड के नेतृत्व में जिला कार्यकारिणी का आळेफाटा संघ दौरा उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सकल संघ के पदाधिकारियों ने स्थानीय संघ के पदाधिकारियों, ट्रस्टियों, महिला मंडल, युवक मंडल एवं समाज के सक्रिय कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत चर्चा कर संघ की गतिविधियों, आवश्यकताओं एवं भावी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। विशेष रूप से पुणे जिला स्तर पर महिला मंडल, युवक मंडल एवं विहार साथियों का सशक्त नेटवर्क तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए। साथ ही प्रत्येक गांव में जैन पाठशालाओं के निर्माण एवं उनके प्रभावी संचालन को लेकर भी सार्थक चर्चा की गई।
दौरे के दौरान संघ के पदाधिकारियों, ट्रस्टियों एवं विभिन्न मंडलों की जानकारी संकलित की गई, जिससे भविष्य में पुणे जिला स्तर की एक व्यापक डायरेक्टरी तैयार की जा सके। उपस्थित समाजबंधुओं ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूर्ण सहयोग देने का विश्वास व्यक्त किया।
अध्यक्ष विलास राठोड ने कहा कि जिले के प्रत्येक संघ तक पहुंचकर उनकी आवश्यकताओं और सुझावों को समझना सकल संघ की प्राथमिकता है। सामूहिक सहभागिता एवं समन्वय के माध्यम से ही समाज और संगठन को नई दिशा प्रदान की जा सकती है। इस अवसर पर अशोक पगारिया, सुभाष ललवाणी, जितू तातेड, राजेंद्र मुनोत, प्रमोद लुंकड एवं अभिजीत डुंगरवाल की प्रमुख उपस्थिति रही। इनके साथ कार्याध्यक्ष अनिल नाहर, महामंत्री सागर साखला सहित जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं आळेफाटा संघ के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु आळेफाटा श्रीसंघ के अध्यक्ष संतोष कोठारी के नेतृत्व में शैलेश चोरडिया, रवी चंगेडिया, रमेश चोरडिया, अशोक खातेड, सुशील गुंदेचा, बाळासाहेब सुराणा, पंकज चंगेडिया, शैलेश पोखरना, संपत कोठारी एवं ललित भंडारी ने विशेष परिश्रम किए। सभी अतिथियों एवं पदाधिकारियों का आत्मीय स्वागत कर आयोजन को सफल बनाया गया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ तथा समाजहित के विविध विषयों पर सकारात्मक एवं रचनात्मक चर्चा हुई।
