आवृत्ती , पुणे
← Back to Homepage

पुणे जिला सकल संघ का जुन्नर दौरा संपन्न, समाज संगठन को मजबूत बनाने पर दिया जोर

maharashtra jain warta • Maharashtra Jain Warta • June 9, 2026
Spread the love

पुणे : श्री श्वेतांबर स्थानकवासी जैन सकल संघ, पुणे जिला द्वारा आयोजित संघ संपर्क अभियान के अंतर्गत आळेफाटा दौरे के पश्चात दूसरा दौरा जुन्नर श्रीसंघ में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। जिला अध्यक्ष विलास राठोड के नेतृत्व में आयोजित इस दौरे में जिला कार्यकारिणी ने स्थानीय संघ के पदाधिकारियों, ट्रस्टियों, महिला मंडल, युवक मंडल एवं समाज के वरिष्ठजनों के साथ संवाद स्थापित किया।

बैठक के दौरान संघ की धार्मिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की गई तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

पुणे जिला स्तर पर महिला मंडल, युवक मंडल एवं विहार साथियों का मजबूत नेटवर्क तैयार करने, समाज में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा विभिन्न संघों के बीच समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।

इस अवसर पर प्रत्येक संघ की जानकारी संकलित कर जिला स्तर की एक व्यापक डायरेक्टरी तैयार करने के उपक्रम की भी जानकारी दी गई।

साथ ही गांव-गांव में जैन पाठशालाओं के निर्माण एवं उनके प्रभावी संचालन को लेकर भी सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ। जिला अध्यक्ष विलास राठोड ने अपने संबोधन में कहा कि पुणे जिले के सभी संघों को एक मजबूत सूत्र में जोड़ना सकल संघ का प्रमुख उद्देश्य है।

सभी संघों के सहयोग एवं सहभागिता से समाज को नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान की जा सकती है। इस अवसर पर अशोक पगारिया, सुभाष ललवाणी, जितू तातेड, राजेंद्र मुनोत, सतीश सुराणा, प्रमोद लुंकड, अभिजीत डुंगरवाल, अनिल नाहर एवं सागर साखला सहित जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम की सफलता के लिए जुन्नर श्रीसंघ के मनोज छाजेड, नितीन गांधी, अशोक बोकरिया, अशोक लुणावत, धनेश शिंगवी, सचिन तातेड, दीपक छाजेड, महेंद्र सांकला, संदीप सांकला, विजय तातेड, कविता छाजेड एवं सुनीता सांकला ने विशेष परिश्रम किए।

उनके उत्कृष्ट आयोजन, आतिथ्य एवं समन्वय की सभी उपस्थितजनों ने सराहना की। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा समाजहित के विविध विषयों पर सार्थक चर्चा के साथ संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प व्यक्त किया गया।