आवृत्ती , पुणे
← Back to Homepage

पुणे जिला सकल संघ का नारायणगांव दौरा संपन्न, संगठनात्मक एकता और समाज विकास पर हुआ मंथन

maharashtra jain warta • Maharashtra Jain Warta • June 9, 2026
Spread the love

पुणे : श्री श्वेतांबर स्थानकवासी जैन सकल संघ, पुणे जिला द्वारा आयोजित संघ संपर्क अभियान के अंतर्गत आळेफाटा एवं जुन्नर के पश्चात तीसरा दौरा नारायणगांव श्रीसंघ में उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ। जिला अध्यक्ष विलास राठोड के नेतृत्व में आयोजित इस दौरे में जिला कार्यकारिणी ने स्थानीय संघ के पदाधिकारियों, ट्रस्टियों, महिला मंडल, युवक मंडल तथा समाज के प्रमुख सदस्यों के साथ संवाद स्थापित किया।

बैठक के दौरान संघ की धार्मिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा समाज को संगठित एवं सशक्त बनाने के लिए विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। विशेष रूप से महिला मंडल, युवक मंडल एवं विहार साथियों की जिला स्तरीय सशक्त श्रृंखला के निर्माण, समाज में युवाओं की सक्रिय भागीदारी तथा संघों के मध्य समन्वय को लेकर सकारात्मक चर्चा की गई।

इस अवसर पर जिला स्तर पर एक समग्र डायरेक्टरी तैयार करने के लिए विभिन्न संघों की जानकारी संकलित करने के उपक्रम की भी जानकारी दी गई। साथ ही प्रत्येक नगर एवं गांव में जैन पाठशालाओं के निर्माण तथा उनके प्रभावी संचालन को लेकर उपस्थित समाजबंधुओं ने अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

अपने संबोधन में जिला अध्यक्ष विलास राठोड ने कहा कि सकल संघ का उद्देश्य केवल विभिन्न संघों का दौरा करना नहीं, बल्कि प्रत्येक संघ की आवश्यकताओं को समझकर उन्हें एक सशक्त संगठनात्मक मंच प्रदान करना है। सामूहिक प्रयासों से समाज को नई दिशा और नई ऊर्जा मिल सकती है।

इस अवसर पर अशोक पगारिया, सतीश सुराणा, सुभाष ललवाणी, जितू तातेड, राजेंद्र मुनोत, प्रमोद लुंकड, अभिजीत डुंगरवाल, अनिल नाहर एवं सागर साखला सहित जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम की सफलता के लिए नारायणगांव श्रीसंघ के अध्यक्ष विलास भळगट, पोपटलाल पोखरणा, सेक्रेटरी अतुल कांकरिया, देविचंद कटारिया तथा विश्वस्त अशोक गांधी, प्रवीण भंसाली, अरुण मुथ्था, जवाहर गुगळे, अभय चोरडिया एवं मनोज दरडा ने विशेष परिश्रम किए। वहीं महिला मंडल की ओर से ज्योति गांधी, कविता देसरडा, कविता मेहता, भारती खीवसरा एवं वैशाली कोठारी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महिला मंडल के सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता की सभी उपस्थितजनों ने सराहना की।

कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा समाज की एकता, संगठनात्मक मजबूती एवं भावी विकास योजनाओं को लेकर सकारात्मक संकल्प व्यक्त किया गया।