आवृत्ती , पुणे
← Back to Homepage

पुणे जिला सकल संघ का मंचर दौरा संपन्न, संगठन सुदृढ़ीकरण एवं समाज विकास पर हुई सार्थक चर्चा

maharashtra jain warta • Maharashtra Jain Warta • June 10, 2026
Spread the love

पुणे : श्री श्वेतांबर स्थानकवासी जैन सकल संघ, पुणे जिला द्वारा आयोजित संघ संपर्क अभियान के अंतर्गत आळेफाटा, जुन्नर एवं नारायणगांव के पश्चात चौथा दौरा मंचर श्रीसंघ में उत्साहपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। जिला अध्यक्ष विलास राठोड के नेतृत्व में आयोजित इस दौरे में जिला कार्यकारिणी ने स्थानीय संघ के पदाधिकारियों, ट्रस्टियों, महिला मंडल, युवक मंडल तथा समाज के वरिष्ठ एवं सक्रिय सदस्यों के साथ संवाद स्थापित किया।

बैठक में संघ की धार्मिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए संगठन को अधिक प्रभावी एवं सशक्त बनाने के विषय पर विस्तृत चर्चा की गई। महिला मंडल, युवक मंडल एवं विहार साथियों के जिला स्तरीय नेटवर्क को मजबूत बनाने, समाज में युवाओं की सहभागिता बढ़ाने तथा विभिन्न संघों के मध्य समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।

इसके साथ ही पुणे जिला स्तर पर एक व्यापक डायरेक्टरी के निर्माण हेतु विभिन्न संघों की जानकारी संकलित करने की योजना पर भी चर्चा की गई। जैन संस्कारों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रत्येक नगर एवं गांव में पाठशालाओं के निर्माण तथा उनके प्रभावी संचालन को लेकर भी महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए।

अपने संबोधन में जिला अध्यक्ष विलास राठोड ने कहा कि सकल संघ का उद्देश्य जिले के प्रत्येक संघ के साथ प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर उनकी आवश्यकताओं को समझना तथा सभी संघों को एक मजबूत संगठनात्मक सूत्र में जोड़ना है। समाज की एकता और सहभागिता ही भविष्य की सबसे बड़ी शक्ति है।

इस अवसर पर अशोक पगारिया, सतीश सुराणा, सुभाष ललवाणी, जितू तातेड, राजेंद्र मुनोत, प्रमोद लुंकड, अभिजीत डुंगरवाल, अनिल नाहर एवं सागर साखला सहित जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम की सफलता के लिए मंचर श्रीसंघ के अध्यक्ष दीपेश चोरडिया के नेतृत्व में पुखराज चोरडिया, राजेंद्र भंडारी, संजय भंडारी, डॉ. नाहटा, संदीप संचेती, पंकज भंडारी, संतोष गांधी, अजित चोरडिया, मोनिका भंडारी, रश्मी भंडारी एवं सारिका चोरडिया ने विशेष परिश्रम किए।

उनके उत्कृष्ट आयोजन, आत्मीय स्वागत एवं समर्पित सहयोग की सभी उपस्थितजनों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा समाज की एकता, संगठनात्मक मजबूती और भावी विकास योजनाओं को लेकर सकारात्मक संकल्प व्यक्त किया गया।