आवृत्ती , पुणे
← Back to Homepage

पुणे में ऐतिहासिक जैनेश्वरी मुनि दीक्षा महोत्सव सम्पन्न

maharashtra jain warta • Maharashtra Jain Warta • October 27, 2026
Spread the love

पुणे : पुणे की धर्मनगरी खराड़ी में 25 अक्टूबर 2026 को भव्य एवं ऐतिहासिक जैनेश्वरी मुनि दीक्षा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और अपार उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर देशभर से पधारे 5 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर दीक्षा के पावन क्षणों का साक्षात्कार किया।

प. पू. मुनि श्री 108 अजित सागर जी महाराज ने ऐलक श्री 105 विवेकानन्द सागरजी म. सा. को जैनेश्वरी मुनि दीक्षा प्रदान कर उन्हें मुनि श्री 108 विदित सागरजी म. सा. नाम दिया। इसी पावन अवसर पर आदर्श भैया को ऐलक दीक्षा प्रदान कर उन्हें ऐलक श्री 105 विजित सागर जी महाराज नाम दिया गया।

इस भव्य धार्मिक आयोजन का कुशल निर्देशन प्रदीप भैया ‘सुयश’ ने किया। महोत्सव में खराड़ी जैन समाज के अध्यक्ष अभय जैन, अमित जैन, अरविंद जैन, प्रितेश जैन, मनीष जैन, मिलिंद फडे, शीतल लोहड़े, सुमित जैन, विनय जैन, भरत संयोग, राजेंद्र जैन, भावेश जैन, स्वप्निल पाटनी, प्रीतम मेहता एवं पुणे दिगंबर जैन समाज के 30 मंदिरों के ट्रस्टी सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिकों और श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

इस अवसर पर खराड़ी स्थित श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर के शिखर कलश का पुण्यार्जन नील सिंघई को तथा ध्वजा का पुण्यार्जन अंकित मालवीय को प्राप्त हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन ने खराड़ी ही नहीं, अपितु संपूर्ण पुणे जैन समाज के धार्मिक इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया। हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति और धर्म के प्रति अपार आस्था ने इस महोत्सव को अविस्मरणीय बना दिया।