“काव्य की बहार संग होली की फुहार”
महाराष्ट्र जैन वार्ता
पिंपरी चिंचवड : तेरापंथ महिला मंडल, पिंपरी चिंचवड ने “काव्य की बहार संग होली की फुहार” विषय पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ नवकार महामंत्र के जाप से किया गया। महिला मंडल की अध्यक्षा शालिनी सिंघी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित महिलाओं का आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम का पहला चरण महिला दिवस को समर्पित था, जिसमें काव्य सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सत्र में महिलाओं ने आज की नारी और पहले की नारी पर सुंदर प्रस्तुतियाँ दीं। सभी ने परिवर्तन ही जीवन का नाम है विषय पर भावपूर्ण अभिव्यक्ति दी।
इस दौरान एक विशेष लघु नाटिका भी प्रस्तुत की गई, जिसमें आज की बहू की डिमांड को रोचक अंदाज में दर्शाया गया। इस नाटिका में मोहिनी कांकरिया (प्रथम), सरला सुराणा (द्वितीय), एवं कमला गादिया (तृतीय) के साथ प्राजक्ता कटारिया एवं अंगूरबाला कटारिया ने अपनी शानदार प्रस्तुति दी।
इसके बाद रोशनी गादिया, मोनाली लोढ़ा, सविता गादिया, रोशनी कांकरिया और हर्षा संचेती ने गीतों के माध्यम से देश की महान महिलाओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में कुल 15 बहनों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का दूसरा चरण होली के रंगों से सराबोर रहा। इस दौरान रंग-बिरंगे परिधानों में महिलाओं ने रैंप वॉक कर अपने आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। विशेष रूप से Different Ways of Saree Draping विषय पर महिलाओं ने बताया कि किस प्रकार एक साड़ी को कई अलग-अलग तरीकों से पहना जा सकता है।
इस प्रतियोगिता में प्राजक्ता कटारिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, रचना भंडारी द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि दिव्या दसाणी और सीमा बच्छावत ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में कुल 25 बहनों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के निर्णायक मंडल में लता कांकरिया, राज दुगड़ और सरिता बच्छावत शामिल थीं, जिन्होंने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों का चयन किया। कार्यक्रम का संचालन नीलम डागा एवं रश्मि सिंघी ने किया।
समापन पर महिला मंडल की मंत्री मनीषा दूधोडिया ने सभी प्रतिभागियों और उपस्थित महिलाओं का आभार व्यक्त किया। इस कार्यक्रम में लगभग 75-80 बहनों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और होली के रंगों में उत्साहपूर्वक सहभाग लिया।
