आवृत्ती , पुणे
← Back to Homepage

विश्व कल्याण के लिए 9 अप्रैल को मनाया जाएगा विश्व नवकार मंत्र दिवस

maharashtra jain warta • Maharashtra Jain Warta, MJW - Social News, MJW Daily News(Post Slider), News, News Slider, Social • March 18, 2025
Spread the love

पुणे : विश्व शांति और कल्याण के लिए आगामी 9 अप्रैल 2025 को विश्व नवकार मंत्र दिवस मनाया जाएगा। इस दिन दुनिया के 108 देशों में एक ही समय पर नवकार महामंत्र का जाप किया जाएगा। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनायजेशन (जीतो) के तत्वावधान में किया जा रहा है। इसकी जानकारी जीतो एपेक्स के चेयरमैन पृथ्वीराज कोठारी और राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय भंडारी ने दी।

विजय भंडारी ने बताया कि 9 अप्रैल को विश्व नवकार मंत्र दिवस के रूप में मनाया जाएगा और उस दिन सुबह 7:00 से 9:30 बजे के बीच विश्वभर में एक ही समय पर नवकार मंत्र का जाप होगा। इसके लिए धार्मिक गुरु, राजनेता, अभिनेता, खिलाड़ी, सामाजिक कार्यकर्ता और उद्योगपति सहित अनेक क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यक्ति इस आयोजन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

धर्म, जाति, पंथ, राज्य और देश की सीमाओं से परे जाकर 108 देशों में नवकार महामंत्र का जाप किया जाएगा। इसके लिए 100 से अधिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे और इस कार्यक्रम का 6000 से अधिक स्थानों से लाइव प्रसारण किया जाएगा।

विश्व में शांति का संदेश
वर्तमान में विश्वभर में अशांति और संघर्ष देखा जा रहा है। ऐसे में विश्व में शांति स्थापित हो और नकारात्मकता को दूर कर सकारात्मकता की दिशा में आगे बढ़ा जाए, इसी उद्देश्य से नवकार महामंत्र का यह जाप किया जा रहा है। यह जाप विश्व कल्याण के लिए किया जाने वाला विशेष उपक्रम होगा, जिससे समाज को सत्य, शांति और अहिंसा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलेगी।

नवकार महामंत्र का महत्व
नवकार महामंत्र एक शाश्वत प्रार्थना है, जो विनम्रता, कृतज्ञता और भक्ति का प्रतीक है। मानवता के लिए यह मंत्र अत्यंत प्रभावी है और इससे विश्वकल्याण का भाव प्रकट होता है। पृथ्वीराज कोठारी ने बताया कि नवकार महामंत्र के माध्यम से अरिहंतों, सिद्धों, आचार्यों, उपाध्यायों और साधु-संतों को नमन किया जाता है। यही वे महापुरुष हैं, जिन्होंने केवलज्ञान प्राप्त किया है और मोक्ष के मार्ग पर अग्रसर हुए हैं।

“विश्व नवकार मंत्र दिवस मानवता के लिए एक विशेष अवसर है। इस दिन होने वाली प्रार्थना में सभी जाति-धर्म के लोगों को सहभागी होना चाहिए, ताकि विश्व में शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो सके।” – विजय भंडारी, प्रेसिडेंट जीतो अपेक्स

“नवकार महामंत्र के जाप से व्यक्ति के भीतर और उसके आसपास सकारात्मकता का निर्माण होता है। यह मंत्र विश्व कल्याण के लिए अत्यंत प्रभावी है, इसलिए अधिकाधिक संख्या में लोगों को इस महान आयोजन का हिस्सा बनना चाहिए।” – पृथ्वीराज कोठारी, जीतो अॅपेक्स चेअरमन