आवृत्ती , पुणे
← Back to Homepage

युवाओं को सक्षम बनाने के लिए ‘जीतो जॉब्स’ की बड़ी पहल

Spread the love

पुणे : जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (जीतो) द्वारा ‘जीतो जॉब्स’ के माध्यम से 5 अप्रैल को राष्ट्रीय जॉब फेयर का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य भारतभर में सैकड़ों युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। जीतो जॉब्स के एपेक्स नैशनल सेक्रेटरी संतोष जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि यह एक दिवसीय जॉब फेयर न केवल भारत में, बल्कि दुनियाभर के 70 से अधिक शहरों में जीतो चैप्टर्स के सहयोग से आयोजित किया जाएगा।

गौरतलब है कि जनवरी में मुंबई में आयोजित ‘जीतो जॉब्स’ कमेटी की बैठक में इस जॉब फेयर को लेकर व्यापक चर्चा हुई थी। साथ ही, आगामी दो वर्षों के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना (रोडमैप) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी।

इस बैठक में जीतो जॉब्स के एपेक्स चेयरमैन विनोदकुमार जैन, निश्चल जैन, अजीत भंडारी, अश्विन राठौड़ समेत पूरे भारत से 60 से अधिक समिति सदस्यों ने भाग लिया था। ‘जीतो जॉब्स’ की ओर से बताया गया कि संगठन का लक्ष्य पूरे भारत में सैकड़ों युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करना है।

युवाओं के करियर को सही दिशा देना, उन्हें सक्षम बनाना और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रयास करना, ‘जीतो जॉब्स’ की प्राथमिकता है। यह टीम देश के हर कोने में पहुंचकर युवाओं को योग्य नौकरी दिलाने में मदद कर रही है। इस जॉब फेयर के संयोजन में उमेश बोरा और दिनेश ओसवाल भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।