आवृत्ती , पुणे
← Back to Homepage

जीतो द्वारा कल होगा नैशनल जॉब फेयर

Spread the love

पुणे : जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) ने ‘जीतो जॉब्स’ कमेटी के अंतर्गत शनिवार (5 अप्रैल) को नैशनल जॉब फेयर का आयोजन किया है। इसका लक्ष्य भारत में सैकड़ों युवाओं को जॉब्स उपलब्ध कराना है। जीतो जॉब्स के नैशनल सेक्रेटरी संतोष जैन ने यह जानकारी देते हुए बताया कि यह एक दिवसीय जॉब फेयर जीतो चैप्टरों के सहयोग से 70 से अधिक शहरों में आयोजित किया जाएगा।

जीतो जॉब्स द्वारा बताया गया कि युवाओं के करियर को अच्छी दिशा देने, उन्हें सशक्त बनाने और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रयास करने के उद्देश्य से ‘जीतो जॉब्स’ टीम पूरे भारत में इस नैशनल फेयर की योजना बना रही है। इसमें विभिन्न शहरों से जीतो पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जीतो मेंबर्स संयोजन कर रहे हैं।

जीतो जॉब्स के नैशनल सेक्रेटरी संतोष जैन ने बताया कि हमारा लक्ष्य देश के कोने-कोने तक युवाओं को पहुंचाना और उन्हें जॉब्स दिलाने में मदद करना है। हमारा मानना है कि इस जॉब फेयर से समाज में बड़ा बदलाव आएगा। अच्छे जॉब्स के माध्यम से हम एक मजबूत राष्ट्र के निर्माण में योगदान दे सकते हैं।

“यह किसी सेवा परियोजना जैसा है”
“हम मानते हैं कि ‘जीतो जॉब्स’ किसी सेवा परियोजना जैसा है, जो सेवा, ज्ञान और आर्थिक प्रगति के तीन स्तंभों पर काम करती है। इसके माध्यम से हम युवाओं सहित समाज और देश की अन्य समस्याओं का समाधान कर सकते हैं। देश के युवाओं को अच्छे जॉब्स मिलने चाहिए। यदि युवाओं को अच्छे अवसर और आय मिले, तो उनका जीवन उज्ज्वल हो जाएगा। इससे उनका परिवार भी सशक्त होगा।” – विजय भंडारी, प्रेसिडेंट जीतो अपेक्स

“देशभर से मिल रहा भारी रिस्पॉन्स”
“रोजगार उपलब्ध कराने का कार्य दीर्घकालिक एवं सतत चलने वाला है। शनिवार को आयोजित यह नैशनल जॉब फेयर एक शुरुआत है। हम इस पहल में जीतो मेंबर्स की सक्रिय भागीदारी की योजना बना रहे हैं, जो युवाओं को जॉब्स प्रदान कर सकते हैं। इस पहल को पूरे देश से भारी रिस्पॉन्स मिल रहा है। हमारी पूरी टीम नैशनल प्रेसिडेंट विजय भंडारी के मार्गदर्शन में काम कर रही है। हमने देश के युवाओं को बेहतरीन जॉब्स के माध्यम से सशक्त बनाने का संकल्प लिया है।” – संतोष जैन, नैशनल अपेक्स सेक्रेटरी, जितो जॉब्स

“पुणे में भी बड़ी कंपनियां और ब्रांड इस नैशनल जॉब फेयर में भाग ले रहे हैं। यह फेयर शनिवार (5 अप्रैल) को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सैलिसबरी पार्क स्थित महावीर प्रतिष्ठान में होगा। उमेश बोरा, दिनेश ओसवाल समेत पदाधिकारी भी जॉब फेयर के आयोजन में सहयोग कर रहे हैं।” – इंद्रकुमार छाजेड़, प्रेसिडेंट, जीतो पुणे चैप्टर

“इस जॉब फेयर में प्रत्यक्ष इंटरव्यू और ऑन-द-स्पॉट हायरिंग होगी। फ्रेशर्स और एक्सपीरियंस दोनों के लिए सीधा सेलेक्शन किया जाएगा। आईटी, मार्केटिंग, सेल्स, फाइनेंस, एडमिन व अन्य क्षेत्रों में जॉब्स प्रदान किए जाएंगे।”आवश्यक दस्तावेज़ साथ लाएं अपडेटेड रिज़्यूमे, आवश्यक शैक्षणिक प्रमाणपत्र यहां उम्मीदवार इंटरव्यू में शामिल होकर कंपनियों से सीधी बातचीत कर सकते हैं। – दिनेश ओसवाल, चीफ सेक्रेटरी, जीतो पुणे