ऑल इंडिया जैन कटारिया फाउंडेशन : पुणे एवं पीसीएमसी महिला शाखा की सुंदर पहल
महाराष्ट्र जैन वार्ता
पुणे : पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक आस्था के अद्वितीय संगम के रूप में, ऑल इंडिया जैन कटारिया फाउंडेशन पुणे और पीसीएमसी महिला शाखा द्वारा ‘तीर्थंकर वाटिका’ वृक्षारोपण कार्यक्रम का भव्य आयोजन श्री नाकोड़ा जैन मंदिर, पाचणे (पुणे) परिसर में किया गया। यह आयोजन संस्था की राष्ट्रीय महिला अध्यक्षा आशा कटारिया के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान पार्श्वनाथजी एवं श्री नाकोड़ाजी की मंगल आरती के साथ हुआ। तत्पश्चात महिला शाखा की राष्ट्रीय महामंत्री सुरेखा कटारिया ने कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए ‘तीर्थंकर वाटिका’ की संकल्पना का परिचय दिया और वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के महत्व को रेखांकित किया।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य प्रविता कटारिया ने सभी गणमान्य अतिथियों का हार्दिक स्वागत किया। इस अवसर पर विशेष रूप से मुंबई से पधारे फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललित संघवी ने ‘तीर्थंकर वाटिका’ उपक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह एक अभिनव और प्रेरणादायक पहल है। उन्होंने संस्था के आगामी सामाजिक प्रकल्पों के लिए सुझाव आमंत्रित करते हुए आवश्यक आर्थिक सहयोग का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम में जैन धर्म के 24 तीर्थंकरों द्वारा तपसाधना के लिए चयनित पवित्र वृक्षों का श्रद्धाभाव से रोपण किया गया। यह कार्य फाउंडेशन के सदस्यों द्वारा संपन्न हुआ, जिसमें धार्मिक आस्था और प्रकृति के प्रति प्रेम का सुंदर मिलन दृष्टिगोचर हुआ।
पर्यावरण जागरूकता विषय पर कार्य कर रही वर्षा कुदाल ने इस पहल की सराहना करते हुए पर्यावरण संवर्धन की दिशा में इसे एक प्रेरणास्पद कदम बताया। कार्यक्रम का सुंदर संचालन श्वेता राठौड़ कटारिया ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन लीना कटारिया ने किया। ‘तीर्थंकर वाटिका’ की निरंतर देखरेख की जिम्मेदारी प्रदीप कटारिया ने स्वेच्छा से ग्रहण की।
इस आयोजन में पुणे अध्यक्ष निलेश कटारिया, प्रकाश कटारिया, जमनदास कटारिया, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य नितेश कटारिया, पुष्पा कटारिया, प्रमोद कटारिया, अनिता कटारिया, राखी कटारिया, अल्पना कटारिया, संगीता कटारिया सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
