प. पू. प्रवीणऋषिजी म.सा. के सानिध्य में हुआ समारोह
पुणे : आदिनाथ जैन स्थानक, पुणे में आदिनाथ स्थानकवासी जैन श्रावक संघ और परिवर्तन चातुर्मास समिति की ओर से आयोजित एक विशेष सम्मान समारोह में आर-ईशा सिक्युरटेक प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक राहुल शांतीलाल मुथा को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
यह गरिमामय समारोह प. पू. उपाध्याय प्रवीणऋषिजी म. सा. के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ। राहुल मुथा ने वर्ष 2003 में आर-ईशा सिक्युरटेक प्राइवेट लिमिटेड की स्थापना की थी। इससे पूर्व उन्होंने लगभग 11 वर्षों तक विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करते हुए अनुभव प्राप्त किया।
आज यह कंपनी महाराष्ट्र की अग्रणी सीसीटीवी सुरक्षा प्रणाली कंपनियों में गिनी जाती है। पिछले दस वर्षों में कंपनी ने उल्लेखनीय प्रगति की है। वर्तमान में 90 से अधिक प्रतिनिधि इस संस्था के तहत कार्यरत हैं।
राहुल मुथा और उनकी माता लक्ष्मी मुथा सदैव समाजसेवा में अग्रसर रहते हैं। उन्होंने कई सामाजिक और धार्मिक स्थलों रामदेव बाबा मंदिर, सच्चियाय माता मंदिर, अनाथ आश्रम आदि स्थानों पर निःस्वार्थ भाव से सीसीटीवी सुरक्षा व्यवस्था स्थापित की है।
परिवर्तन चातुर्मास के दौरान वर्धमान सांस्कृतिक भवन में उन्होंने विशेष सीसीटीवी सिस्टम की संकल्पना को सफलतापूर्वक लागू किया, जिसकी स्वयं प. पू. प्रवीणऋषिजी म. सा. ने सराहना की थी। इसी उल्लेखनीय कार्य के लिए आदिनाथ स्थानकवासी जैन श्रावक संघ और परिवर्तन चातुर्मास समिति, पुणे द्वारा राहुल मुथा का विशेष सम्मान किया गया।
इस अवसर पर राहुल मुथा ने कहा, “मेरी सफलता का पूरा श्रेय मेरी पूरी टीम को जाता है। उनके समर्पण और परिश्रम से ही आज आर-ईशा सिक्युरटेक महाराष्ट्र में अग्रणी स्थान पर पहुँची है।”















