पुणे में फिर होगा भव्य आयोजन : पिछले वर्ष की ऐतिहासिक सफलता के बाद तैयारियां जोरों पर
महाराष्ट्र जैन वार्ता
पुणे : आगामी 09 अप्रैल 2026 को विश्व नवकार दिवस के पावन अवसर पर पुणे में एक बार फिर भव्य एवं ऐतिहासिक आध्यात्मिक आयोजन होने जा रहा है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 09 अप्रैल को आयोजित यही कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा था, जिसमें हजारों की संख्या में समाजबंधुओं ने सहभाग लिया और पुणे सहित विश्वभर में एक साथ नवकार महामंत्र का सामूहिक जाप किया गया था।
पिछले वर्ष की अभूतपूर्व सफलता के बाद, इस वर्ष आयोजन को और अधिक व्यापक, सुव्यवस्थित एवं प्रभावशाली बनाने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। यह आयोजन जीतो अपेक्स चेयरमैन पृथ्वीराज कोठारी एवं जीतो अपेक्स प्रेसिडेंट विजय भंडारी के मार्गदर्शन में संपन्न होगा।
इस अवसर पर पुणे सहित भारत और विदेशों के प्रमुख शहरों में एक ही समय पर नवकार महामंत्र का सामूहिक जाप किया जाएगा, जिससे विश्वभर में शांति, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो।
सभी वर्गों और संगठनों का सहयोग –
इस आयोजन को सफल बनाने के लिए पुणे के विभिन्न सामाजिक संगठन, युवा संगठन एवं महिला मंडल सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। शहरभर में प्रचार अभियान चलाए जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक लोग इस ऐतिहासिक आध्यात्मिक अवसर का हिस्सा बन सकें।
जीतो पुणे चैंप्टर के नेतृत्व में आयोजन –
यह आयोजन जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (JITO) के नेतृत्व में किया जा रहा है। पुणे में कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जीतो पुणे चैंप्टर की ओर से एक विशेष समिति का गठन किया गया है, जो पूरे समर्पण के साथ कार्य कर रही है।
पिछले वर्ष पुणे में आयोजित विश्व नवकार दिवस कार्यक्रम को समाज से जबरदस्त प्रतिसाद मिला था। उसी प्रेरणा के साथ इस वर्ष हम इसे और भव्य रूप देने जा रहे हैं। यह आयोजन पुणे शहर के लिए गौरव का विषय है। – इंद्रकुमार छाजेड़, चेयरमैन, जीतो पुणे चॅप्टर
विश्व नवकार दिवस 2026 अनुशासन, एकता और सकारात्मक सोच का सशक्त उदाहरण बनेगा। जीतो पुणे चैंप्टर की पूरी टीम इस आयोजन को सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है। – दिनेश ओसवाल, चीफ सेक्रेटरी, जीतो पुणे चॅप्टर
नवकार महामंत्र का सामूहिक जाप समाज को आध्यात्मिक रूप से जोड़ने का माध्यम है। पिछले वर्ष इसका प्रभाव सभी ने अनुभव किया। इस वर्ष यह आयोजन शांति, सद्भाव और मानवीय मूल्यों को और अधिक सशक्त करेगा। – लक्ष्मीकांत खाबिया, सेक्रेटरी जितो पुणे
















