कल होगा पत्रिका लेखन : परम उपासक राजेंद्र भंडारी की विशेष उपस्थिति रहेगी
महाराष्ट्र जैन वार्ता
पुणे : पुणे शहर में पहली बार मारवाड़ के आराध्य देव श्री सोनाणा खेतलाजी महाराज के भव्य और दिव्य मंदिर का ‘प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव’ आयोजित होने जा रहा है। रविवार (12 अप्रैल) को इस महोत्सव के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम की मुख्य विशेषताओं में भव्य शोभायात्रा, भजन संध्या, धार्मिक अनुष्ठान और महाप्रसादी शामिल हैं।
साथ ही रविवार (5 अप्रैल) को सुबह 11 बजे पत्रिका लेखन होगा। कार्यक्रम के संयोजक संतोष जैन ने बताया कि पुणे के हांडेवाडी में ‘श्री सोनाणा खेतलाजी महाराज’ का भव्य दरबार सजने वाला है। महोत्सव का शुभारंभ रविवार (12 अप्रैल) को सुबह 9:30 बजे से होगा।
हांडेवाडी ट्रेड मार्केट परिसर में आयोजित यह महोत्सव श्रद्धा और आस्था का एक अनूठा संगम होगा। बताया गया है कि महोत्सव में बैंड-बाजे और ढोली के साथ भगवान की दिव्य मंगल प्रवेश शोभायात्रा निकाली जाएगी। वेद मंत्रों और मंगलाचरण के साथ शास्त्रोक्त विधि से प्राण प्रतिष्ठा विधान संपन्न किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर सभी भक्तों के लिए भोजन प्रसादी (महाप्रसाद) की विशेष व्यवस्था की गई है।
इस महोत्सव के मुख्य आयोजक संतोष रतनलाल जैन (भंडारी) परिवार हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में ‘हांडेवाडी ट्रेड मार्केट परिवार’ और ‘संतोष ग्रुप’ का विशेष सहयोग है। हांडेवाडी ट्रेड मार्केट में आयोजित इस विशेष समारोह के लिए संतोष जैन परिवार एवं वंश-देवांश जैन ने समस्त धर्मप्रेमी जनता से सपरिवार इस महोत्सव में पधारने और धर्म लाभ लेने का भावभरा आमंत्रण दिया है।
आशा वैष्णव प्रस्तुत करेंगी भजन – इस पावन अवसर पर खेतलाजी महाराज के परम उपासक और वचनसिद्ध भक्तराज राजेंद्रजी शांतिलालजी भंडारी विशेष रूप से उपस्थित रहकर पूजन विधि संपन्न कराएंगे। साथ ही राजस्थान की सुप्रसिद्ध गायिका आशा वैष्णव अपनी मधुर आवाज में भजनों की प्रस्तुति देंगी।




















