सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में हुआ भव्य महोत्सव : संतोष रतनलालजी जैन एवं परिवार द्वारा आयोजन
महाराष्ट्र जैन वार्ता
पुणे : मारवाड़ के आराध्य देव क्षेत्रपाल श्री सोनाणा खेतलाजी महाराज का भव्य मंदिर पहली बार पुणे में बना है। हांडेवाड़ी ट्रेड मार्केट में बने इस मंदिर का ‘प्राणप्रतिष्ठा महोत्सव’ रविवार (12 अप्रैल) को धूमधाम से संपन्न हुआ। इस उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में न सिर्फ पुणे-मुंबई, बल्कि महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों एवं राजस्थान से भी लगभग 3,000 श्रद्धालु सम्मिलित हुए। संतोष रतनलाल जैन एवं परिवार द्वारा इस महोत्सव में शोभायात्रा, भजन संध्या, धार्मिक अनुष्ठान और महाप्रसादी का आयोजन किया गया।
हांडेवाड़ी ट्रेड मार्केट में बने इस मंदिर के ऐतिहासिक प्राणप्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम पिछले कुछ दिनों से शुरू किए गए थे। 5 अप्रैल को यहां गणमान्यों की उपस्थिति में पत्रिका लेखन किया गया, साथ ही शनिवार (11 अप्रैल) को ज्योत आगमन, बरघोड़ा, सांझी गीत तथा मेहंदी कार्यक्रम हुए।
बैंड-बाजे और ढोली के साथ भगवान की दिव्य मंगल प्रवेश शोभायात्रा निकाली गई। प्राणप्रतिष्ठा का मुख्य समारोह रविवार (12 अप्रैल) को हुआ, जिसमें वेद मंत्रों और मंगलाचरण के साथ शास्त्रोक्त विधि-विधान के लिए सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। इससे पूर्व तीन दिन तक चले होम-हवन कार्यक्रम का संचालन बड़ीदा से आए 8 पंडितों ने किया।
प्राणप्रतिष्ठा महोत्सव में भक्तराज राजेंद्र शांतिलाल भंडारी की विशेष रूप से उपस्थिति रही। साथ ही राजस्थान की सुप्रसिद्ध गायिका आशा वैष्णव द्वारा प्रस्तुत मधुर भजनों का भी उपस्थित श्रद्धालुओं ने आनंद लिया।
कार्यक्रम में धार्मिक, सामाजिक, उद्योग-व्यापार समेत अन्य क्षेत्रों से कई गणमान्य मंदिर में दर्शन एवं शुभकामनाएं देने के लिए उपस्थित रहे। न सिर्फ पुणे, बल्कि राजस्थान से आए कई श्रद्धालुओं की यहां दर्शन के लिए सुबह से भीड़ लगी रही।
यहां नियमित रूप से धार्मिक कार्यक्रम होंगे : मुख्य आयोजक संतोष जैन ने बताया कि श्री सोनाणा खेतलाजी महाराज का यह पुणे का पहला मंदिर है। हमें यहां की जमीन में ही साक्षात देव मिले, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि यह एक शक्तिपीठ स्थान है। ‘श्री सोनाणा खेतलाजी महाराज का भव्य दरबार यहां होने से राजस्थान तथा पुणे समेत आसपास के शहरों में बसे हजारों श्रद्धालुओं के लिए यह सुविधाजनक हो गया है। यहां नियमित रूप से धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।’
उपस्थित धर्मप्रेमी जनता की प्रतिक्रियाएं – सोनाणा खेतलाजी मंदिर का निर्माण केवल पत्थरों का संगम नहीं, बल्कि आपकी आस्था, समर्पण और समाज के प्रति अटूट विश्वास का जीवंत प्रतीक है। आपने जो कार्य किया है, वह इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। यह मंदिर आने वाली पीढ़ियों को श्रद्धा, संस्कार और एकता की प्रेरणा देता रहेगा।
- यह मंदिर सिर्फ एक इमारत नहीं, बल्कि एक धाम है, जहां हर भक्त सुबह-शाम शांति पाता है। इस शुभ अवसर पर सभी को बधाई हो। खेतलाजी महाराज की कृपा सब पर बनी रहे, यही कामना है।
- यह मंदिर आपकी कड़ी मेहनत, समर्पण और भक्ति का प्रतीक है। हमें विश्वास है कि यह स्थान भक्तों के लिए शांति, प्रेरणा और आध्यात्मिक उन्नति का केंद्र बनेगा। आपके इस महान कार्य के लिए आपको और आपकी पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई। यह मंदिर आने वाली पीढ़ियों के लिए एक पवित्र स्थल होगा।

















