आवृत्ती , पुणे
← Back to Homepage

“प्रभु पार्श्वनाथ” भगवान का महामंगलकारी अनुष्ठान संपन्न

Spread the love

आकुर्डी : आकुर्डी-निगडी-प्राधिकरण स्थित श्री वर्धमान जैन श्रावक संघ के प्रांगण में भगवान पार्श्वनाथ के जन्मकल्याणक महामंगलकारी अनुष्ठान का आयोजन भव्य और उत्साहवर्धक वातावरण में किया गया। अनुष्ठान आराधिका महासाध्वी प. पू. डॉ. कुमुदलताजी म. सा. और मधुरकंठी महासाध्वी डॉ. महाप्रज्ञाजी म. सा. आदि ठाणा के पावन सानिध्य में सैकड़ों भक्तों की उपस्थिति से यह अनुष्ठान धर्ममय बन गया।

महासाध्वी डॉ. प. पु. कुमुदलताजी म. सा. ने भगवान पार्श्वनाथ की महिमा सुनाई, जब कि मधुरकंठी महासाध्वी डॉ. महाप्रज्ञाजी म. सा. ने भक्तिभावपूर्ण स्तवन प्रस्तुत किया। साध्वीवृंद ने भक्तों से पार्श्वप्रभु का सामूहिक जाप करवाया, जिससे समूचा वातावरण भक्तिमय हो गया।

अनुष्ठान में नवकार कलश की स्थापना श्री संघ के पदाधिकारियों और विभिन्न क्षेत्रों से आए भक्तों के करकमलों से संपन्न हुई। इस कार्यक्रम में कल्याण, डोंबिवली, पुणे, अहमदनगर, पिंपरी-चिंचवड़ और कर्नाटक के जैन संघों के पदाधिकारी भी शामिल हुए।

नवकार कलशों का आयोजन विमल डांगी (कल्याण) द्वारा किया गया, जिन्हें इस अवसर पर सम्मानित किया गया। मुनोत इवेंट्स के संचालक सुभाष और उर्मिला ने अनुष्ठान के लिए हॉल नि:शुल्क उपलब्ध कराया, जिसके लिए श्री संघ ने उन्हें भी सम्मानित किया।

कार्यक्रम की सफलता के लिए श्री संघ के सभी वर्तमान और निवर्तमान पदाधिकारी, विश्वस्त और युवक मंडल ने अथक परिश्रम किया। संघाध्यक्ष सुभाष ललवाणी ने साध्वीवृंद के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी भक्तों का स्वागत और धन्यवाद किया। गौतमप्रसादी का आयोजन गुप्तदान दाता परिवार द्वारा किया गया, जिससे आयोजन और भी मंगलमय बना।