केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हाथों सौंपा गया कार्यभार
महाराष्ट्र जैन वार्ता
मुंबई : महाराष्ट्र के उद्योग, व्यापार और कृषि क्षेत्र के शीर्ष संगठन “महाराष्ट्र चेंबर ऑफ कॉमर्स, इंडस्ट्री एंड एग्रीकल्चर” के अध्यक्ष पद पर ललित गांधी को लगातार चौथी बार निर्विरोध रूप से पुनः नियुक्त किया गया है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के हाथों उन्हें प्रेसिडेंशियल कप प्रदान कर अध्यक्ष पद का कार्यभार सौंपा गया।
यह अवसर और भी विशेष बन गया क्योंकि यह संस्था अपने शताब्दी वर्ष में प्रवेश कर रही है और उसी वर्ष ललित गांधी को अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालने का सम्मान प्राप्त हुआ। इस गौरवपूर्ण समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोळ, विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, उद्योग मंत्री उदय सामंत, सांस्कृतिक मंत्री आशीष शेलार और कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा समेत अनेक गणमान्य अतिथिगण उपस्थित थे।
इस अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अपने मार्गदर्शन में कहा कि ललित गांधी को महाराष्ट्र चेंबर के माध्यम से अगले सौ वर्षों की कार्ययोजना बनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि चेंबर की 100 वर्षों की गौरवशाली परंपरा और अनुभव भविष्य के विकास में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र चेंबर ने उद्योग, व्यापार और कृषि क्षेत्र में नए उद्यमियों को उभरने का अवसर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि देश में कई चेंबर संस्थाएं हैं, परंतु “कॉमर्स, इंडस्ट्री और एग्रीकल्चर” का संयुक्त दृष्टिकोण रखने वाली यह एकमात्र संस्था है, जिसके माध्यम से फिक्की जैसी संस्थाओं की भी नींव रखी गई।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि इस संस्था के पूर्व निदेशक बी.जी. खेर स्वतंत्रता के बाद महाराष्ट्र के पहले मुख्यमंत्री बने थे, जिससे इस चेंबर की भूमिका और प्रभाव स्पष्ट होता है। उन्होंने शेठ वालचंद हीराचंद को भी याद करते हुए कहा कि उन्होंने इस संस्था की स्थापना कर हजारों उद्यमियों को प्रेरित किया और अब ललित गांधी के नेतृत्व में यह संस्था अपने शताब्दी वर्ष को ऐतिहासिक बनाएगी।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र चेंबर की भव्य परंपरा और विकास में योगदान की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ललित गांधी के नेतृत्व में यह संस्था भविष्य में भी राज्य और देश के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
ललित गांधी ने लगातार चौथी बार निर्विरोध चुने जाने पर सभी सदस्यों के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के हाथों कार्यभार प्राप्त करना उनके जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण है।
उन्होंने यह भी कहा कि वे सभी गणमान्य अतिथियों की अपेक्षाओं को पूर्ण करने का हरसंभव प्रयास करेंगे और महाराष्ट्र चेंबर को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उद्योग और व्यापार के प्रभावशाली नेतृत्व की भूमिका में स्थापित करेंगे।
