परिवर्तन चातुर्मास 2025 के अंतर्गत 2100 अठाई तपस्वियों को पुणे में निशुल्क चिकित्सा सेवा
महाराष्ट्र जैन वार्ता
पुणे : परिवर्तन चातुर्मास 2025 के अंतर्गत पुणे नगरी में तप और श्रद्धा का एक अद्वितीय संगम देखने को मिल रहा है। उपाध्याय प्रवर प. पू. श्री प्रवीणऋषिजी म. सा. (आदि ठाणा-2), दक्षिणज्योती प. पू. श्री आदर्शज्योतिजी म. सा. (आदि ठाणा-3) तथा जिनशासन गौरव प. पू. श्री सुनंदाजी म. सा. (आदि ठाणा-6) के दिव्य सान्निध्य में चल रहे आनंद अठाई महोत्सव के अंतर्गत 2100 श्रद्धालु तपस्वी अठाई तप का व्रत कर पुण्य की पराकाष्ठा को छू रहे हैं।
इस ऐतिहासिक तप आराधना को ध्यान में रखते हुए प्रियोग पेन मैनेजमेंट की ओर से एक विशेष चिकित्सा सेवा आरंभ की गई है। डॉ. योगेश कर्नावट एवं डॉ. प्रियांका कर्नावट द्वारा दिनांक 18 जुलाई से 25 जुलाई 2025 तक आठ उपवास कर रहे सभी तपस्वियों को निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस सेवा का प्रतिदिन 150 से अधिक तपस्वी लाभ उठा रहे हैं। चिकित्सा सेवा के इस अनुपम कार्य को समाजजनों द्वारा अत्यंत सराहा जा रहा है। पुणे शहर की यह सेवा भावना न केवल स्थानीय, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर अनुकरणीय उदाहरण बन रही है।
इस अवसर पर आयोजन समिति के प्रमुख अनिल नाहर (अध्यक्ष, आदिनाथ जैन स्थानक), सुनील नाहर (अध्यक्ष, चातुर्मास समिति), राजश्री पारख (स्वागत अध्यक्ष) ने डॉ. कर्नावट दंपती एवं उनकी टीम के सेवाभाव को समाज के लिए प्रेरणास्त्रोत बताया। यह सेवा न केवल चिकित्सा सहायता है, बल्कि तपस्वियों के प्रति गहन संवेदना, समर्पण और श्रम की सच्ची साधना भी है।
