साहित्य क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सूर्यदत्त ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूट द्वारा सम्मानित
महाराष्ट्र जैन वार्ता
पुणे : साहित्य, शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में निरंतर और प्रभावशाली योगदान देने वाली साहित्यिका एवं शिक्षाविद् सुरेखा कटारिया को सूर्यदत्त ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूट द्वारा आयोजित राष्ट्रीय जीवन गौरव पुरस्कार समारोह में सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार उन्हें संस्था के 28वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदान किया गया।
एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा संचालित सूर्यदत्त ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूट के 28वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में बाणेर स्थित बंटारा भवन में भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर साहित्य क्षेत्र में निरंतर योगदान देने वाली साहित्यिका एवं प्राध्यापिका प्रा. सुरेखा कटारिया को सूर्यदत्त राष्ट्रीय जीवन गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान भारत के सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश उदय ललित द्वारा प्रदान किया गया। समारोह में पद्मश्री प. पू. आचार्य चंदनाजी म. सा. एवं पद्मश्री अभिनेता अशोक सराफ की गरिमामयी उपस्थिति रही।
साथ ही शिक्षा प्रशासन, कला एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्व भी उपस्थित थे। प्रा. सुरेखा कटारिया ने अपने कार्यों के माध्यम से न केवल साहित्यिक क्षेत्र बल्कि सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है।
उन्होंने सामाजिक, शैक्षणिक और साहित्यिक गतिविधियों को निरंतर समर्थन प्रदान किया है। वे स्वानंद महिला संस्था, पिंपरी-चिंचवड़ की अध्यक्ष रह चुकी हैं तथा वर्तमान में ऑल इंडिया जैन कॉन्फ्रेंस महिला विभाग की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं ऑल इंडिया कटारिया फाउंडेशन की राष्ट्रीय महामंत्री के पद पर कार्यरत हैं।
सम्मान स्वीकार करते हुए प्रा. कटारिया ने कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए व्यक्तिगत सम्मान से अधिक समाज के प्रति अपने दायित्व को और अधिक दृढ़ता से निभाने की प्रेरणा है। उन्होंने समाज में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करने की सूर्यदत्त संस्था की पहल की सराहना की।
सूर्यदत्त संस्था के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. संजय चोरडिया एवं सुषमा चोरडिया ने प्रा. सुरेखा कटारिया के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें इस सम्मान के लिए शुभकामनाएं दीं। इस पुरस्कार वितरण समारोह का सूत्रसंचालन डॉ. श्वेता राठोड़ ने किया तथा आभार प्रदर्शन सुषमा चोरडिया ने किया।
कार्यक्रम में प्रा. प्रकाश कटारिया, सुभाष ललवाणी, विलास पगारिया, प्रविता कटारिया सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

















