उद्योगपति अशोकजी तातेड को “सेवाधारी-पुजारी” उपाधि से सम्मान
महाराष्ट्र जैन वार्ता
पुणे : माता श्रीमती फुंदाबाई तातेड एवं पिताश्री स्व. श्रीमान नेमीचंदजी तातेड की स्मृति में तातेड परिवार की ओर से निगडी में 24वें अखंड रक्तदान शिविर का भव्य आयोजन किया गया। बीते 23 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहे इस मानवीय उपक्रम में इस वर्ष 216 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। गत वर्ष तक कुल 4059 यूनिट रक्तदान का आंकड़ा पार हो चुका है, जो समाजसेवा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी उदाहरण है।
रक्तदान शिविर से पूर्व गुरुआनंद प्रार्थना मंडल की ओर से सामूहिक प्रार्थना का आयोजन किया गया। प्रत्येक रक्तदाता को तातेड परिवार की ओर से आकर्षक भेंटवस्तु प्रदान की गई। तातेड परिवार द्वारा वर्ष में दो बार संत तुकाराम महाराज की पालखी का स्वागत कर वारकरी के लिए भोजन एवं ठहरने की व्यवस्था तथा महाशिवरात्रि के अवसर पर महादेव मंदिर परिसर में फरियाली वितरण जैसे सेवा कार्य भी अनेक वर्षों से नियमित रूप से किए जा रहे हैं।
इन निरंतर मानवसेवी कार्यों को ध्यान में रखते हुए आयोजक उद्योगपति अशोक तातेड को “सेवाधारी-पुजारी” उपाधि से सम्मानित किया गया। शाल एवं माल्यार्पण कर सम्मान समारोह संपन्न हुआ। शिविर का उद्घाटन ज्यूपिटर हॉस्पिटल की डॉ. अंजली महादुले के कर-कमलों द्वारा हुआ।
कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में सुभाष ललवाणी, पुणे के प्रसिद्ध उद्योगपति अशोक लोढ़ा, सुजीत लोढ़ा, दर्शना तातेड, शारदा चोरडिया सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अपने मनोगत में सुभाष ललवाणी ने तातेड परिवार की सराहना करते हुए मानवता के इस अखंड कार्य के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
उद्घाटन अवसर पर डॉ. अंजली महादुले ने अच्छे एवं तंदुरुस्त स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए तथा नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया। शारदा चोरडिया ने अतिथियों का परिचय कराते हुए अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का सुंदर आयोजन सुरेखा तातेड, सागर तातेड एवं एकता तातेड द्वारा किया गया। इस अवसर पर गुरुआनंद प्रार्थना मंडल, आकुर्डी-निगडी प्राधिकरण श्री संघ तथा चंदनबाला महिला मंडल के सदस्यगण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।















